1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पेट्रोल-डीजल के दाम से हाहाकार! इस शहर में पेट्रोल 120 और डीजल 109 रुपये के पार पहुंचा

पेट्रोल-डीजल के दाम से हाहाकार! इस शहर में पेट्रोल 120 और डीजल 109 रुपये के पार पहुंचा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 27, 2021 03:41 pm IST,  Updated : Oct 27, 2021 03:41 pm IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक पेट्रोल पंप के मालिक ने कहा कि मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 36 पैसे की वृद्धि के बाद 116.62 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 37 पैसे के वृद्धि के बाद 106.01 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है।

petrol price above 120 diesel price above 109 in anuppur madhya pradesh पेट्रोल-डीजल के दाम से हाहाक- India TV Hindi
पेट्रोल-डीजल के दाम से हाहाकार! इस शहर में पेट्रोल 120 और डीजल 109 रुपये के पार पहुंचा Image Source : PTI

भोपाल. मध्य प्रदेश के सीमावर्ती अनूपपुर जिले ईंधन कीमतों में बढ़ोत्तरी का खामियाजा भुगत रहे हैं। बुधवार को जिले में पेट्रोल की कीमत 120 रुपए प्रति लीटर और डीजल 110 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया। इसी तरह छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे बालाघाट जिले में पेट्रोल की कीमत 119.23 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है।

छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे अनूपपुर के बिजुरी कस्बे में पेट्रोल पंप के मालिक अभिषेक जायसवाल ने पीटीआई-भाषा को फोन पर कहा कि मंगलवार को 36 पैसे की वृद्धि के बाद पेट्रोल कीमत 120.4 रुपए प्रति लीटर हो गई है जबकि डीजल की कीमत 37 पैसे की वृद्धि के बाद 109.17 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है।

जायसवाल ने कहा कि पेट्रोलियम जिला मुख्यालय से लगभग 250 किलोमीटर दूर जबलपुर तेल डिपो से अनूपपुर लाया जाता है इसलिए उच्च परिवहन लागत के कारण राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में जिले में ईंधन महंगा है।

बालाघाट में लालबर्रा रोड पर एक पेट्रोल पंप के मालिक रवि वैद्य ने बताया कि बालाघाट में पेट्रोल और डीजल की कीमत 37 पैसे की बढ़ोतरी के बाद क्रमश: 119.23 रुपये और 108.20 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है।

इस बीच, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक पेट्रोल पंप के मालिक ने कहा कि मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 36 पैसे की वृद्धि के बाद 116.62 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 37 पैसे के वृद्धि के बाद 106.01 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है। पेट्रोल पंप मालिकों के अनुसार सीमावर्ती जिलों में ईंधन का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है क्योंकि ज्यादातर वाहन मालिक महाराष्ट्र या छत्तीसगढ़ से ईंधन भरना पसंद करते हैं क्योंकि वहां पेट्रोल और डीजल सस्ता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।