मध्य प्रदेश के सतना चित्रकूट के चर्चित देवांगना घाटी गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य आरोपी से पुलिस की जंगल में मुठभेड़ हुई, जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। देवांगना घाटी गैंगरेप मामले में शनिवार शाम भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल आरोपी बाइक से जंगल के रास्ते गुजरने वाले हैं।
गैंगरेप के आरोपी का शार्ट एनकाउंटर
आरोपी की सूचना मिलते ही एसओजी और बहिलपुरवा थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल पैर में गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बहिलपुरवा थाने में तैनात सिपाही राघवेंद्र की बांह में भी गोली लगी, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो आरोपी मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म कांड का मुख्य आरोपी है। वहीं उसके दो साथी प्रवीण पटेल और विवेक पटेल जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। देर रात तक पुलिस की कई टीमें जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाती रहीं और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। मध्य प्रदेश में गैंगरेप की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लड़कियों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता भी गहराती जा रही है।
क्या है सतना गैंगरेप की सच्चाई
गौरतलब है कि 22 जुलाई की शाम मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ देवांगना घाटी घूमने आई थी। आरोप है कि बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने पहले नाबालिग साथी को बंधक बनाया और फिर युवती को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने साइबर सेल, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान 18 स्थानों के 374 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, 58 संदिग्धों से पूछताछ की गई और करीब 6 हजार मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल व लोकेशन का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
(इनपुट - अमित त्रिपाठी)
ये भी पढ़ें - 'मम्मी बुला रही है' कहकर परिचित ने बाइक पर बिठाया, जंगल में 3 लड़कों ने किया गैंगरेप, फिर अस्पताल के बाहर फेंका