1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बड़वानी में नशे के तस्करों पर पुलिस की 'ग्रीन स्ट्राइक', 23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त

बड़वानी में नशे के तस्करों पर पुलिस की 'ग्रीन स्ट्राइक', 23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Sep 13, 2026 06:45 pm IST,  Updated : Sep 13, 2026 06:46 pm IST

बड़वानी के वरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत पुलिस ने 23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।

mp news- India TV Hindi
गांजे के लहलहाते खेत देखकर हैरान रह गई पुलिस। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में अवैध गांजे की खेती को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बड़वानी में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक चलाया और बड़वानी के आस-पास के चार अलग-अलग क्षेत्रों पर एक साथ दबिश दी, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने ड्रोन और 400 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने 19 गांवों के दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में सर्चिंग कर पांच अवैध खेतों का खुलासा किया। ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत पुलिस ने 23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ा अभियान

पुलिस मुख्यालय भोपाल के 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत बड़वानी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ यह बड़ा अभियान चलाया। ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमें बनाई गईं। 12 सितंबर को थाना वरला क्षेत्र के डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी सहित 19 गांवों के दूरस्थ पहाड़ी और जंगल इलाकों में ड्रोन के साथ पैदल सर्चिंग की गई। इस दौरान पांच खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती का पता चला।

23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में 11 हजार से अधिक पौधे और कुल 23 क्विंटल से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। पांच अलग-अलग मामलों में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। जब्त फसल की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस के अनुसार ये खेत वन भूमि पर स्थित हैं। वन विभाग से संबंधित पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

10 सितंबर को भी 6 हजार से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए गए थे

इससे पहले 10 सितंबर को भी शक्करकुआ-बोरपड़ावा क्षेत्र में चार खेतों से 6 हजार से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए गए थे। पुलिस के मुताबिक पिछले दो दिनों में कुल 9 प्रकरण दर्ज कर 34 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में बड़वानी, खरगोन, खंडवा और डीआईजी कार्यालय के पुलिस बल की अहम भूमिका रही।

(बड़वानी से ओवेश अहमद शेख की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः एनसीबी और एटीएस को मिली बड़ी सफलता, नशीले पदार्थ बनाने वाली लैब्स पर छापेमारी, 300 करोड़ के ड्रग्स बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।