1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सोफे पर मिला रेलकर्मी का शव, फ्रिज में पड़ी थी 8 साल के बेटे की लाश, बेटी भी घर से लापता... जबलपुर में डबल मर्डर से हड़कंप

सोफे पर मिला रेलकर्मी का शव, फ्रिज में पड़ी थी 8 साल के बेटे की लाश, बेटी भी घर से लापता... जबलपुर में डबल मर्डर से हड़कंप

 Published : Mar 16, 2024 01:51 pm IST,  Updated : Mar 16, 2024 02:21 pm IST

मृतक राजकुमार विश्वकर्मा रेलवे में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और यहां वह अपनी बेटी एवं बेटे के साथ रहते थे। घटना के बाद से राजकुमार की नाबालिग बेटी की भी कोई जानकारी नहीं है।

मृतक राजकुमार और...- India TV Hindi
मृतक राजकुमार और तनिष्क Image Source : FILE PHOTO

मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में एक रेलवे कर्मचारी और उसके 8 वर्षीय बेटे की उनके घर पर हत्या कर दी गई है। बच्चे का शव एक फ्रिज से बरामद हुआ है। सिविल लाइन थाने के तहत आने वाली मिलेनियम कॉलोनी में शुक्रवार को हुई घटना के बाद मृतक रेलवे कर्मचारी की नाबालिग बेटी लापता हो गई और पुलिस को संदेह है कि पिता-पुत्र की हत्या के बाद वह अपने पड़ोसी के साथ चली गई है।

जानिए पूरा मामला

जबलपुर के एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि मृतक राजकुमार विश्वकर्मा रेलवे में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और यहां वह अपनी बेटी एवं बेटे के साथ रहते थे। उन्होंने कहा, "शुक्रवार को, विश्वकर्मा के भाई को उनकी बेटी से एक वॉयस संदेश मिला कि उसके 19 वर्षीय पड़ोसी ने उसके पिता और भाई की हत्या कर दी है।" सिंह ने बताया कि राज्य के पिपरिया कस्बे के रहने वाले विश्वकर्मा के भाई ने पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा, "सूचना मिलने के बाद पुलिस घर में घुसी और देखा कि विश्वकर्मा और उसके बेटे की हत्या कर दी गई है। राजकुमार विश्वकर्मा एक कमरे के सोफे पर मृत मिले। बेटे का शव उनके फ्रिज से बरामद हुआ। " सिंह ने कहा कि पिता-पुत्र की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद से राजकुमार विश्वकर्मा की नाबालिग पुत्री की भी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है। वहीं, वारदात की खबर मिलने के बाद राजकुमार विश्वकर्मा और उनके परिजन इटारसी से जबलपुर पहुंचे। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। उन्हें भरोसा ही नहीं हो रहा है कि इतनी जघन्य घटना उनके परिवार में घट सकती है।

आरोपी के साथ चली गई नाबालिग बेटी!

एसपी ने कहा कि मृतक की नाबालिग बेटी लापता है और शक है कि वह आरोपी के साथ चली गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रेम प्रसंग का संदिग्ध मामला है। सिंह ने कहा, "पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। अब तक एकत्र किए गए सबूतों के अनुसार, आरोपी शुक्रवार सुबह विश्वकर्मा के घर गया था।” पुलिस अधिकारी के मुताबिक, लड़की सितंबर 2023 में आरोपी के साथ चली गई थी लेकिन बाद में आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से आगे की जांच की जा रही है। (भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।