1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 6 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी फरार, गुस्साए लोगों ने जयपुर-जबलपुर हाईवे जाम किया

6 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी फरार, गुस्साए लोगों ने जयपुर-जबलपुर हाईवे जाम किया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 23, 2025 08:36 pm IST,  Updated : Nov 23, 2025 08:36 pm IST

शुक्रवार के दिन बच्ची के साथ घटना हुई थी। इसके बाद से आरोपी फरार है। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने जयपुर-जबलपुर हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपी के एनकाउंटर की भी मांग की गई।

Protest- India TV Hindi
विरोध प्रदर्शन करते लोग Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के रायसेन में 6 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने की मांग करते हुए स्थानीय लोगों ने जयपुर-जबलपुर हाईवे जाम कर दिया। घटना शुक्रवार को औबेदुल्लागंज में हुई थी और आरोपी रविवार तक नहीं पकड़ा गया। आक्रोशित हिन्दू संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर-जबलपुर पर जाम किया। इस दौरान औबेदुल्लागंज, सुल्तानपुर नगर पूरी तरह बंद रहे। इस घटना को लेकर पूरे रायसेन जिले में विरोध प्रदर्शन हुआ। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गई।

गोहरगंज में मासूम से दुष्कर्म का आरोपी अब तक फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। औबेदुल्लागंज, सुल्तानपुर शहर पूरी तरह बंद रहे। आरोपी को पुलिस की आठ टीमें ड्रोन से खोज रही हैं। सीहोर तक सर्च ऑपरेशन जारी है। पता बताने पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

8-10 टीमें तलाश में जुटीं

रायसेन जिले के गोहरगंज थाना क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद फरार 23 वर्षीय आरोपी सलमान की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने मोर्चा संभाला हुआ है। आरोपी की तलाश में जिले की 8 से 10 टीमें भोजपुर, औबेदुल्लागंज, गोहरगंज, सतलापुर सहित सीहोर जिले में डेरा डाले हुए हैं। पुलिस जंगलों में ड्रोन की मदद से भी सर्चिंग कर रही है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा, होटल, ढाबों, वर्कशॉप और लोगों के घरों में भी आरोपी की तस्वीर दिखाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी सलमान फरार है। आरोपी पिछले दो से तीन महीने पहले ही गोहरगंज के वारदात वाले गांव में आया था। वह सीहोर जिले का निवासी है, इसलिए सीहोर में भी उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने आरोपी के पोस्टर सभी थाना क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए हैं।

टॉफी दिलाने के बहाने किया दुष्कर्म

घटना शुक्रवार शाम को हुई थी, जब आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने जंगल में ले गया था। इस घटना के विरोध में औबेदुल्लागंज और सुल्तानपुर के कुछ क्षेत्रों में बाजार बंद रखे गए। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसे फांसी देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।

(रायसेन से अंबुज महेश्वरी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'निवेशकों के साथ जोड़ने आए हैं नई डोर', हैदराबाद में बोले में मुख्यमंत्री मोहन यादव, 36600 करोड़ के निवेश हुए प्राप्त

बैतूल जिला अस्पताल में लगी, मरीजों को किया गया रेस्क्यू

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।