बैतूल: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से सामने आ रही है। यहां स्थित जिला अस्पताल में आग लग गई है। फिलहाल अभी तक की जानकारी के मुताबिक मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जानकारी के मुताबिर बैतूल जिला अस्पताल के एक स्टोररूम में रविवार की सुबह आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया और एक बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान मरीजों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अधिकारियों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण अस्पताल के खान-पान क्षेत्र में स्थित एक स्टोर रूम में सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर आग लग गई। कर्मचारियों ने करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया और उसे बुझा दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण समय रहते स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया। अस्पताल के सिविल सर्जन एवं प्रभारी डॉ. रूपेश पद्माकर और रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) डॉ. रानू वर्मा मौके पर पहुंच थे।
आग पर पाया गया काबू
डॉ. पद्माकर ने कहा कि एक ‘इलेक्ट्रीशियन’ और उसके सहायक ने बिना किसी देरी के बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि महिला वार्ड और बाल चिकित्सा वार्ड के मरीजों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने बाद में उन्हें उनके संबंधित वार्ड में वापस ले जाने की प्रक्रिया शुरू की।
गोरखपुर में लगी भीषण आग
इससे पहले यूपी के गोरखपुर जिले में गीडा सेक्टर-15 स्थित ‘रूंगटा इंडस्ट्रीज’ में भीषण आग लग गई थी। यहां 25 घंटे तक गहन अभियान चलाने के बाद शनिवार को पूरी तरह काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 100 दमकलकर्मियों ने पूरी रात अथक प्रयास किया, जिसके बाद आग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। स्थिति सामान्य होने पर देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीरनगर, सिद्धार्थनगर और गोंडा से आईं दमकल गाड़ियों को वापस भेज दिया गया है। एहतियातन गोरखपुर की दमकल गाड़ियों को अभी भी आरक्षित रखा गया है। शुक्रवार तड़के लगी इस आग ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैला दी थी।
यह भी पढ़ें-
दुकान में खड़े-खड़े शख्स को आया हार्ट अटैक, हुई मौत; सामने आया CCTV फुटेज
दुमका: घर में एक साथ मिला चार लोगों का शव, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद शख्स ने किया सुसाइड