इंदौर: राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस मामले में राजा के भाई ने अब नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। राजा के भाई का कहना है कि इस हत्याकांड का पूरा सच उजागर करने के लिए दो प्रमुख आरोपियों-सोनम और राज कुशवाहा का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। बता दें कि पुलिस ने इस मामले में सोनम (25) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा (20) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपी मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
"ताकि पूरा सच आ सके बाहर"
राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने कहा, "हम चाहते हैं कि मेघालय पुलिस सोनम और राज कुशवाहा का नार्को टेस्ट कराए, ताकि मेरे भाई की हत्या का पूरा सच बाहर आ सके।" सचिन ने आगे कहा, "सोनम और राज से मेघालय पुलिस की पूछताछ को लेकर सामने आ रही खबरों से हमें लग रहा है कि दोनों मिलीभगत के तहत एक-दूसरे को इस वारदात का मास्टरमाइंड बताकर जांचकर्ताओं को गुमराह कर रहे हैं।" सचिन ने दावा किया कि सोनम और राज अपने दम पर उसके भाई की हत्या की साजिश को अंजाम नहीं दे सकते थे।
"और भी लोग हो सकते हैं शामिल"
सचिन ने कहा, "मुझे लगता है कि हत्याकांड में और लोग भी शामिल हैं, जो अब तक मेघालय पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सोनम और राज के नार्को टेस्ट से इन लोगों के नाम भी पता चल सकते हैं।" राजा के भाई सचिन ने इस पूरे मामले की विस्तार से जांच की मांग की और यह भी संदेह जताया कि सोनम और राज के रिश्तेदार भी इस पूरे मामले में शामिल हैं। सचिन ने खास तौर पर सोनम की मां पर संदेह जताया है कि उसे पहले से दोनों के बारे में पता था। इसके बावजूद मां ने दबाव बनाकर राजा से सोनम की शादी करवाई। सचिन ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाए जाने की मांग करते हुए दोषियों को दोहरे आजीवन कारावास की सजा देने की मांग की। (इनपुट- पीटीआई)