1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शिवराज कैबिनेट का आज हो सकता है विस्तार, 3 विधायकों को मिल सकती है जगह

शिवराज कैबिनेट का आज हो सकता है विस्तार, 3 विधायकों को मिल सकती है जगह

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Aug 25, 2023 09:57 am IST,  Updated : Aug 25, 2023 03:31 pm IST

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट का आज विस्तार हो सकता है। तीन नए चेहरों को जगह मिल सकती है जबकि चौथे नाम पर रायशुमारी जारी है। जल्द ही इसपर भी फैसला लिया जा सकता है।

शिवराज सिंह चौहान, सीएम, मध्य प्रदेश- India TV Hindi
शिवराज सिंह चौहान, सीएम, मध्य प्रदेश Image Source : पीटीआई

भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अब बहुत कम समय बाकी रह गया है। पिछले कई दिनों से कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट चल रही थी।  इस बीच खबर है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम अपनी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक शिवराज कैबिनेट में तीन विधायकों को जगह मिल सकती है। इनमें से दो को कैबिनेट और एक को राज्यमंत्री बनाया जा सकता है। वहीं चौथे नाम के लिए रायशुमारी चल रही है।

सीएम हाउस में चली लंबी बैठक

बुधवार रात और गुरुवार सुबह सीएम हाउस में सीएम शिवराज केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अलावा कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में लंबी चली बैठक चली। बताया जाता है कि इस बैठक में नामों पर सहमति बन गई है और आज शाम कैबिनेट विस्तार हो सकता है। 

39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी

बता दें कि सूबे में इसी साल विधानसभा चुनाव होनेवाले हैं। ऐसे में कैबिनेट में यह बदलाव काफी मायने रखता है। चुनाव से पहले विभिन्न समीकरणों को साधने की कोशिश की जा रही है।सत्तारूढ़ भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए अपने 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पहले ही घोषित कर दी है। चुनाव कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने राज्य की कुल 230 में से 150 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। 2018 के चुनावों में भगवा पार्टी ने 109 सीटें जीती थीं, जो 116 के साधारण बहुमत से कम थीं। 

स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी बीजेपी-सिंधिया

हाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दावा किया था कि आगामी विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करके सत्ता बरकरार रखेगी। हालांकि, सिंधिया ने यह अनुमान लगाने से परहेज किया कि साल के अंत में होने वाले 230 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कितनी सीटें जीतेगी। सिंधिया मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने ग्वालियर-चंबल संभाग की अपनी यात्रा के दौरान यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैं ज्योतिषी नहीं हूं जो यह बताऊं की भाजपा कितनी सीटें जीतेगी। लेकिन हम राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।” ग्वालियर चंबल संभाग में 34 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।