मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे सूबे की सियासत गरमा गई है। जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश की महिलाएं शराब पीती हैं।
शिवराज चौहान और मोहन यादव हैं इसके जिम्मेदार- पटवारी
दरअसल, जीतू पटवारी बीजेपी सरकार पर नशा, बेरोजगारी और कुपोषण के मुद्दे पर हमला कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश का युवा बेरोजगार है या नशा कर रहा है तो इसके 100 प्रतिशत जिम्मेदार भारतीय जनता पार्टी, शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव हैं।
सबसे ज्यादा ड्रग्स का कारोबार मध्य प्रदेश में - पटवारी
इसी दौरान उन्होंने कहा, 'हमें तमगा मिला है मध्य प्रदेश को कि महिलाएं पूरे देश में सबसे ज्यादा शराब कहीं पीती हैं तो मध्य प्रदेश की पीती हैं। समृद्ध एमपी का सपना दिखाने वाली बीजेपी ने यह हालात कर दिए हैं। जितना ड्रग्स का कारोबार मध्य प्रदेश में होता है, दुसरा किसी राज्य में नहीं होता है।'
सीएम मोहन यादव ने कभी नहीं किया प्रयास
पटवारी ने आगे कहा, 'मुख्यमंत्री ने कभी प्रयास नहीं किया कि इससे निजात कैसे दिलाएं? हमारी बहनें, बेटियां नशा करने लगी हैं। लाड़ली बहना के नाम पर वोट ले लिए और बहना सबसे ज्यादा नशा करती हैं। भाजपा को इसपर विचार करना चाहिए'
वायरल हो रहा ये बयान
जीतू पटवारी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा मध्य प्रदेश की बहन बेटियों को शराबी बोलकर अपमानित करने पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी पहले भी बहन-बेटियों का अपमान कर चुके हैं।
पटवारी ने माताओं-बहनों का किया अपमान-BJP
विधायक ने कहा, 'आज हरतालिका तीज वाले दिन जीतू पटवारी ने प्रदेश की 5 करोड़ माताओं बहनों का अपमान किया है। विधायक शर्मा ने सोनिया गांधी से जीतू पटवारी को समझाने की मांग की है। निश्चित रूप से यह प्रदेश की आधी आबादी का अपमान है।'