1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दुल्हन जयमाला लेकर करती रही इंतजार और दूल्हा हो गया फरार, घर वालों ने दिए लाखों रुपए तब जाकर छूटी जान

दुल्हन जयमाला लेकर करती रही इंतजार और दूल्हा हो गया फरार, घर वालों ने दिए लाखों रुपए तब जाकर छूटी जान

 Edited By: Sudhanshu Gaur
 Published : Jun 24, 2023 03:01 pm IST,  Updated : Jun 24, 2023 03:01 pm IST

इस मामले में वाद-विवाद और मारपीट के बाद समझौता हुआ कि अब तक दुल्हन पक्ष का जितना खर्च हुआ है वह पूरी राशि दूल्हे के पिता द्वारा अदा की जाएगी। दूल्हे का पिता इस समझौते पर राजी हो गए। तब जाकर मामला रफा-दफा हो पाया।

Madhya Pradesh- India TV Hindi
दुल्हन जयमाला लेकर करती रही इंतजार और दूल्हा हो गया फरार Image Source : INDIA TV

सीधी: मध्य प्रदेश में सीधी जिले के शक्ति पैलेस में गुरुवार 22 जून को एक शादी संपन्न होनी थी। सब कुछ अच्छा चल रहा था। शादी की सभी रस्में निभाई जा चुकी थीं। केवल जयमाला और उसके बाद की रस्में निभाई जानी थीं। द्वारपूजा के बाद दुल्हन जयमाला लेकर दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन उससे पहले दूल्हा बाइक से रफू-चक्कर हो गया। बहुत देर के इंतजार के बाद जब दूल्हा नहीं पहुंचा तो दुल्हन को जयमाला रखकर निराश होकर मंडप से नीचे उतरना पड़ा। 

जानिये क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मसुरिहा गांव निवासी रावेंद्र पिता रामसिया गुप्ता की शादी डोल कोठार की रहने वाली ज्योति पिता गणेश गुप्ता के साथ तय हुई। तिलकोत्सव से लेकर सभी कार्यक्रम धूमधाम से मनाए गए। गुरुवार को बारात सीधी शहर के शक्ति पैलेस पहुंच गई। बारातियों के स्वागत के बाद द्वार पूजा भी ख़ुशी-ख़ुशी से संपन्न हुआ, इसके बाद नौटंकी का क्रम शुरू होता है। दुल्हन के परिजनों का आरोप है कि दूल्हा पहले ही एक युवती से कोर्ट मैरिज कर चुका था, जिसको बिना जानकारी दिए ही वह दूसरी शादी रचाने पहुंचा था।

विवाद शुरू होते ही बाइक से रफू चक्कर हो गया लड़का 

लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के की पहली शादी की जानकारी दूल्हे के पिता को भी थी, किंतु यह बात सभी से छिपाई गई। द्वार पूजा के बाद जब जयमाला की तैयारी शुरू हुई इसी बीच वाद-विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद दूल्हा चोरी छिपे बाइक से रफूचक्कर हो गया। जब इस पूरी घटना की जानकारी दुल्हन पक्ष को हुई तो मारपीट शुरू हो गई। किसी तरह विवाद शांत हुआ। लड़की के पिता ने बताया कि तिलक से लेकर अभी तक पूरा खर्च मेरा हुआ है। तिलक में भी मेरे द्वारा होटल बुक किया गया था। अब उसका भुगतान किया जाए।

Madhya Pradesh
Image Source : INDIA TVस्टाम्प पेपर पर लिखवाकर किया गया समझौता

स्टाम्प पेपर पर लिखवाकर किया गया समझौता 

स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को सुलझाने की कोशिश की किंतु विवाद की स्थिति शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। पुलिस द्वारा वर-वधु के पिता को बुलाकर आपस में बैठाकर समझाया गया तब जाकर विवाद समाप्त हुआ। लड़का और लड़की के पिता ने 100 रुपए के स्टाम्प पेपर में नोटरी कराकर समझौता किया। स्टाम्प पेपर पर लिखे समझौते के अनुसार, लड़की के पक्ष के द्वारा कुल 6 लाख 50 हजार रुपए खर्च हुए, जिसे लड़के पक्ष ने चेक के माध्यम से लड़की पक्ष को चुकाए। इसके बाद ही मामला सुलझा और आपस में समझौता किया गया।

 

रिपोर्ट - मनोज शुक्ला 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।