1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: मध्य प्रदेश के डबरा में दो युवकों को उल्टा लिटाकर बेल्ट से बुरी तरह पीटा, आरोपी बोले-'अब बता गुंडा कौन है'

VIDEO: मध्य प्रदेश के डबरा में दो युवकों को उल्टा लिटाकर बेल्ट से बुरी तरह पीटा, आरोपी बोले-'अब बता गुंडा कौन है'

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Nov 08, 2025 03:54 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 04:10 pm IST

मध्य प्रदेश के डबरा के गिजोरा थाना क्षेत्र का एक वीडियो सामने आया है जिसमें दो युवकों को नंगा करके बेल्ट से बेरहमी से पीटा जा रहा है।

दो युवकों की बुरी तरह पिटाई- India TV Hindi
दो युवकों की बुरी तरह पिटाई Image Source : REPORTER

ग्वालियरः मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर देने वाला एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। ग्वालियर जिले के डबरा अनुविभाग के गिजौर्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों युवकों को खेत में उल्टा लिटाकर बेल्ट और लात-घूंसे से मारा जा रहा है। पिटाई के दौरान आरोपी उन्हें बार-बार अपमानजनक सवाल पूछते हैं—बोल गुंडा कौन है। जिस पर पीटने वाला व्यक्ति कह रहा है सतीश...।

दो महीने पहले का वीडियो, वायरल अब हुआ

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो महीने पुराना है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामला रेत खदान पर वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवकों के कपड़े उतरवाकर उन्हें खेत में उल्टा लिटाया गया है। इसके बाद कुछ लोग बेल्ट से उनकी बेरहमी से पिटाई करते हैं। पिटाई के दौरान पीड़ित युवक रहम की गुहार लगाते रहते हैं। वीडियो में एक हमलावर यह कहते हुए भी सुनाई देता है। तुम पप्पू को गुंडा समझते थे, अब बताओ गुंडा कौन है...।

 रेत खदान पर कब्जे को लेकर हुआ था विवाद

यह पूरा मामला ग्वालियर जिले के डबरा अनुविभाग के गिजौर्रा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यह इलाका अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के लिए कुख्यात है। हथनोरा, सिली, बारकरी और जिगनिया जैसी खदानों में खनन का कारोबार स्थानीय दबंगों के कब्जे में बताया जाता है। इन्हीं खदानों को लेकर आए दिन वर्चस्व की लड़ाई और हिंसा की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

यहां देखें वीडियो

युवकों की पिटाई करने वालों की हुई पहचान

वीडियो में युवकों की पिटाई करते दिख रहे लोगों की पहचान राजेंद्र मर्सेनी और महाराज सिंह जिगनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों स्थानीय रेत कारोबारियों से जुड़े हैं। गिजोर्रा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध रेत खनन और परिवहन के कारण पूर्व में भी मारपीट और गोलीबारी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ग्वालियर के एसपी धर्मवीर यादव ने कहा है कि वीडियो की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।