1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. हाईवे पर जमा भीड़ पर बाघिन ने मारा झपट्टा, बाल-बाल बची लोगों की जान

हाईवे पर जमा भीड़ पर बाघिन ने मारा झपट्टा, बाल-बाल बची लोगों की जान

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 29, 2026 11:59 pm IST,  Updated : Aug 30, 2026 12:08 am IST

उमरिया में नेशनल हाईवे पर जमा भीड़ पर बाघिन ने लोगों पर झपट्टा मार दिया। इस घटना में लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

Tigress Charges at Crowd- India TV Hindi
उमरिया में बाघिन ने लोगों की तरफ झपट्टा मारा। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

मध्य प्रदेश के उमरिया में नेशनल हाईवे-78 पर सड़क पार कर रही एक बाघिन का वीडियो बनाने के लिए जुटी भीड़ पर उसने झपट्टा मार दिया। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बाघिन ने झपट्टा जरूर मारा लेकिन किसी पर हमला नहीं किया। हालांकि, कुछ देर बाद वह खुद ही जंगल में लौट गई।

ऋतुवन ढाबे के पास बाघिन ने किया हमला

वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यह घटना बीते शुक्रवार शाम घुनघुटी वन परिक्षेत्र में घुनघुटी और शहडोल के बीच नेशनल हाईवे-78 पर मौजूद ऋतुवन ढाबे के पास हुई। अधिकारी के मुताबिक, सड़क पार कर रही बाघिन को देखकर कई गाड़ियां रुक गईं, जिसकी वजह से वहां जाम लग गया। इस दौरान, कई लोग अपना मोबाइल फोन निकालकर बाघिन का वीडियो बनाने लगे।

लोगों को देखकर झपटी बाघिन

उन्होंने आगे कहा कि बाद में भीड़ से परेशान होकर बाघिन ने लोगों की तरफ झपट्टा मार दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, बाघिन ने किसी पर अटैक नहीं किया और बाद में जंगल की तरफ चली गई।

हो सकता है खतरा महसूस होने पर मारा होगा झपट्टा

घुनघुटी वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मू सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आशंका है कि बाघिन के साथ उस समय उसके शावक भी थे। उन्होंने आगे कहा, 'दरअसल यदि शावकों के साथ होने पर बाघिन को खतरा महसूस होता है तो वह ज्यादा आक्रामक हो सकती है।'

जंगली जानवरों के पास जाकर फोटो खींचना खतरनाक

धर्मू सिंह ने लोगों को चेताते हुए कहा कि जंगली जानवरों के पास जाकर उनकी फोटो खींचना या वीडियो बनाना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। बाघिन की एक्टिविटीज पर नजर रखने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

पिछले कुछ महीनों में बढ़ी जंगली जानवरों की आवाजाही

लोकल लोगों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र में बाघों और अन्य वन्यजीवों का आवागमन बढ़ा है। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से जंगली जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाने व बाघिन दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देने की अपील की। इससे पहले खबर आई थी कि पन्ना टाइगर रिजर्व में 3 महीने में तीसरे बाघ की मौत हो गई थी। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए थे।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- पन्ना टाइगर रिज़र्व एरिया में बाघों को कुत्तों से खतरा! वीडियो सामने आने के बाद जांच के आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।