बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों अपनी 12 दिवसीय महाराष्ट्र यात्रा पर हैं। संतों-महंतों की भूमि महाराष्ट्र के मुंबई में उनकी यात्रा जारी है। इन 12 दिवसीय कार्यक्रम में बाबा बागेश्वर 8 से 11 अप्रैल तक मुंबई में महाराष्ट्र वासियों को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। पहले दिन श्रीमद्भागवत कथा विराम के बाद, बागेश्वर महाराज ने कथा परिसर में मौजूद इंडियन कॉर्पोरेशन के गोदाम में बने निवास में कुछ समय रुकने के बाद, वहां मौजूद सेवादारों व सुरक्षा में तैनात महाराष्ट्र पुलिस के साथ क्रिकेट मैच खेला। बाबा बागेश्वर का क्रिकेटर अवतार भी सामने आया है।
सभी सेवादारों और बागेश्वर महाराज की वाई सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने भी इस क्रिकेट मैच में भाग लिया। एक टीम में महाराष्ट्र पुलिस व निवासी सेवादार थे और दूसरी टीम में मध्य प्रदेश टीम से बागेश्वर महाराज, उनके सुरक्षाकर्मी और सेवादार थे। दोनों टीमों में 9-9 खिलाड़ी थे और मैच 6- 6 ओवर का रखा गया था।
क्रिकेटर बने बाबा बागेश्वर, देखें वीडियो
सबसे पहले बल्लेबाजी महाराष्ट्र की टीम ने किया। मध्य प्रदेश टीम से प्रथम ओवर बागेश्वर महाराज ने डाला, जिसमें उन्होंने 9 रन दिए और 1 विकेट लिया। टीम ने तीन ओवर में कुल 30 रन बनाए। चौथे ओवर में पुनः बागेश्वर महाराज ने गेंदबाजी की और 6 बॉल में 3 रन देकर 3 विकेट झटक लिए। महाराष्ट्र टीम ने 6 ओवर में कुल 48 रन बनाए और मध्य प्रदेश (बागेश्वर महाराज जी की टीम को) को यह लक्ष्य दिया।
जीत गई बाबा बागेश्वर की टीम
मध्य प्रदेश टीम की ओर से ओपनिंग करने के लिए बागेश्वर महाराज और सेवादार सत्यम शुक्ला ने 38 रनों की साझेदारी की। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर बागेश्वर महाराज रन आउट हो गए। उसके बाद मध्य प्रदेश टीम के बल्लेबाज सुरक्षाकर्मी दीपेश सोनी आए और अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर 9 विकेट से मैच जीत लिया। इस तरह से भागवत कथा का प्रवचन देने वाले बाबा बागेश्वर का क्रिकेटर अवतार भी लोगों ने देखा।