जबलपुर:मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर नौ हो गई। वहीं, बरगी क्रूज हादसे के पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि क्रूज में कई लोग आराम से बैठे हैं। इनमें छोटे बच्चे भी दिख रहे हैं। क्रूज में महिलाएं और पुरुष भी बैठे दिख रहे हैं। किसी के चेहरे पर कोई तनाव नहीं और सभी लोग खुश नजर आ रहे हैं।
क्रूज के अंदर से पानी दिख रहा है और क्रूज लोगों को सैर कराते हुए आगे बढ़ रहा है। इसके अंदर कुछ लोग खड़े भी हैं। इस वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि किसी को हादसे का तनिक भी अंदाजा नहीं था।
यहां देखें वीडियो
ज्यादातर लोग नहीं पहने थे लाइफ जैकेट
वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। वीडियो देखने से साफ पता चलता है कि सेफ्टी नॉर्म्स का ख्याल नहीं रखा गया। ज्यादातर लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहने थे। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि मौसम ठीक नहीं है और तेज हवाएं भी चल रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्रूज में सवार लोगों की सुरक्षा के बारे में जिम्मेदार लोगों ने क्या सोचा तक नहीं। क्या नियमों का पालन किया गया।
सीएम मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश
हादसे के बाद डॉ सीएम मोहन यादव जबलपुर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने एक मृतक के घर जाकर उसके परिजनों को ढांढस बंधाया। मोहन यादव ने कहा कि इस घटना में 9 शव बरामद किए गए हैं और 28 लोगों को बचाया गया है। सौभाग्य से, पास में ही 'जल जीवन मिशन' का काम चल रहा था और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली, SDRF, NDRF और हमारे मंत्री व विधायक तुरंत मौके पर पहुंच गए। ये सभी बचाव अभियान के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
मैंने बचाव कार्यों में लगे कर्मचारियों के लिए 51,000 रुपये की सहायता राशि की भी घोषणा की है और हम उन स्थानीय लोगों को भी सम्मानित करेंगे जिन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर काम किया। हमने इस घटना की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति की भी घोषणा की है। इस घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
हादसे में 9 की मौत, 28 लोगों को बचाया गया
बता दें कि बरगी क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। 5 या 6 सैलानियो के लापता होने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण पानी में लहरें उठीं, जिससे क्रूज में सवार लोगों ने शोर मचाकर चालक दल से क्रूज को किनारे की ओर ले जाने की अपील की, लेकिन चालक दल तक आवाज नहीं पहुंच सकी और क्रूज बहते हुए पलट गई।
रिपोर्ट- देबजीत देब, जबलपुर