केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग अंदाज देखने को मिला। उनका ये अंदाज ग्वालियर से बेंगलुरु जा रही स्पेशल ट्रेन में सफर के दौरान देखने को मिला। ट्रेन में उन्होंने गाना गया, "सुहाना सफर और ये मौसम यहां...।"
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू
बता दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर से बेंगलुरु के लिए एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।
ट्रेन का समय और डिटेल
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह साप्ताहिक ट्रेन हर शुक्रवार को दोपहर 3.0 बजे ग्वालियर से रवाना होगी और रविवार सुबह 7:35 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हर रविवार को दोपहर 3:50 बजे बेंगलुरु से निकलेगी और मंगलवार सुबह 10:25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जो यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव प्रदान करेंगे।
एमपी को रेलवे के लिए बजट
इस मौके पर रेल मंत्री ने मध्य प्रदेश के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "एक दशक पहले मध्य प्रदेश को रेलवे के लिए केवल 600 करोड़ का बजट मिलता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 14,745 करोड़ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। पिछले 11 सालों में राज्य में 2,651 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं, जो डेनमार्क जैसे देश के पूरे रेल नेटवर्क से भी ज्यादा है।
MP में 80 रेलवे स्टेशनों का चल रहा पुनर्विकास
रेल मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास चल रहा है, जिसमें ग्वालियर स्टेशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, ग्वालियर और आगरा के बीच जल्द ही एक नई यात्री ट्रेन शुरू करने की योजना है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मध्य प्रदेश में कई बड़े रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। इनमें प्रमुख हैं-- मन्मद-इंदौर नई रेल लाइन (₹18,036 करोड़)
- भुसावल-खंडवा तीसरी और चौथी लाइन (₹3,514 करोड़)
- माणिकपुर-प्रयागराज तीसरी लाइन (₹1,640 करोड़)
- रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन (₹1,018 करोड़)
रेल मंत्री ने कहा, "पिछले एक साल में मध्य प्रदेश में 24,000 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। ये प्रोजेक्ट्स राज्य की रेल व्यवस्था को पूरी तरह बदल देंगे।"
ये भी पढ़ें-
वैष्णो देवी में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम? बारिश को लेकर आया ये बड़ा अपडेट