1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: मंदिर के बाहर रो रही महिला पर पड़ी नजर, तो मंत्री जी बोले- आपकी मदद के लिए मुझे हनुमान जी ने भेजा

VIDEO: मंदिर के बाहर रो रही महिला पर पड़ी नजर, तो मंत्री जी बोले- आपकी मदद के लिए मुझे हनुमान जी ने भेजा

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Malaika Imam
 Published : Mar 24, 2025 01:26 pm IST,  Updated : Mar 24, 2025 02:24 pm IST

प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन कर लौटते समय मंत्री सारंग की नजर मंदिर की चौखट पर रो रही एक महिला पर पड़ी, जो अपने दो छोटे बच्चों के साथ परेशान हाल में खड़ी थी।

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने महिला की सुनी समस्या- India TV Hindi
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने महिला की सुनी समस्या

मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग रविवार को छोला क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन कर लौटते समय मंत्री सारंग की नजर मंदिर की चौखट पर रो रही एक महिला पर पड़ी। महिला के पास दो छोटे बच्चे थे और वह परेशान हाल में खड़ी थी। महिला की दशा देखकर मंत्री सारंग तुरंत उसके पास पहुंचे और उसकी समस्या को सुना।

महिला ने आंसू भरी आंखों से मंत्री को बताया कि उसके पति वेल्डिंग का काम करते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उनका घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। यहां तक कि वह बच्चों की स्कूल फीस भी भरने में असमर्थ हैं। महिला की स्थिति को समझते हुए मंत्री सारंग ने उसे ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

आर्थिक सहायता देने को कहा

मंत्री सारंग ने कहा, "खेड़ापति हनुमान जी ने ही आपकी मदद के लिए मुझे भेजा है।" इसके बाद उन्होंने महिला को तुरंत आर्थिक सहायता देने का वादा किया और उसके पति को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, मंत्री सारंग ने यह भी कहा कि वह महिला के बच्चों की स्कूल फीस माफ करवा देंगे। मंत्री सारंग के इस कदम से महिला को राहत मिली और उसकी चिंता कुछ कम हुई। उसने मंत्री के सामने आकर उन्हें धन्यवाद दिया और उनकी मदद के लिए आभार व्यक्त किया।

यह कोई पहली बार नहीं था जब मंत्री विश्वास सारंग ने किसी जरूरतमंद की मदद की हो। इससे पहले भी कई अवसरों पर मंत्री सारंग ने मानवता का परिचय दिया है। पिछले वर्ष, नरेला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान, एक दिव्यांग बच्ची के पिता ने मंत्री सारंग से अपने बच्चे के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई थी। मंत्री ने तत्काल उस मामले में पहल करते हुए बच्चे के ऑपरेशन की व्यवस्था करवाई थी।

ये भी पढ़ें-

एकनाथ शिंदे पर 'जोक' विवाद में कूदे संजय राउत, वीडियो शेयर बोले- कुनाल की कमाल, जय महाराष्ट्र!

कर्नाटक में मुस्लिम आरक्षण को लेकर राज्यसभा में बवाल, हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।