1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: गुड टच-बैड टच सेशन के दौरान बच्ची ने टीचर को बताया-मेरे पापा-चाचा और भाई...

महाराष्ट्र: गुड टच-बैड टच सेशन के दौरान बच्ची ने टीचर को बताया-मेरे पापा-चाचा और भाई...

 Reported By: Saket Rai Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 24, 2024 01:32 pm IST,  Updated : Jun 24, 2024 03:19 pm IST

पुणे में एक रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है। स्कूल में गुड टच-बैड टच सेशन के दौरान एक नाबालिग लड़की ने अपने पिता-चाचा और चचेरे भाई के बारे में जो बताया, उसे सुनकर टीचर के होश उड़ गए।

minor girl tells teacher- India TV Hindi
नाबालिग लड़की ने टीचर को बताई अपनी कहानी Image Source : FILE

महाराष्ट्र के पुणे से एक इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल में अपनी टीचर से एक 13 साल की मासूम बच्ची ने गुड टच-बैड टच के सेशन के दौरान अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के बारे में जो बताया उसे सुनकर टीचर के होश उड़ गए। लड़की के अपने ही पिता, चाचा और चचेरे भाई ने यौन उत्पीड़न किया था। स्कूल में गुड टच-बैड टच सेशन के दौरान ये मामला सामने आया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना महाराष्ट्र के पुणे स्थित हडपसर इलाके की है, जहां एक 13 साल की मासूम बच्ची का उसके पिता, चाचा और कजिन ने यौन उत्पीड़न किया। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि उसके कजिन भाई ने साल 2023 में बच्ची के साथ बलात्कार किया और उसे किसी से भी कुछ ना बोलने की धमकी दी थी। 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मिली जानकारी के मुताबिक चचेरे भाई के बाद जनवरी 2024 में उसके चाचा ने भी लड़की का यौन शोषण किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि , "जब लड़की ने अपने चाचा की हरकतों का विरोध किया और चिल्लाने की कोशिश की, तो उसने उसका मुंह बंद कर दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।" पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके आधार पर हडपसर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 376 (i), 323, 506 और POCSO एक्ट की धारा 4, 6, 8, 12 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में 22 जून को एफआईआर दर्ज़ की है और तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। 

मां का बयान भी दर्ज करेगी पुलिस

पुणे पुलिस में इस केस के इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर अशोक गांधले ने बताया कि जिस दौरान स्कूल में गुड टच बैड टच का सेशन चल रहा था, बच्ची ने अपनी टीचर को इसके बारे में बताया और टीचर ने पुलिस से संपर्क किया। मामला सामने आने के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत सभी आवश्यक प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मामला दर्ज किया। फिलहाल बच्ची की मां गांव गई हुई है, उनके वापस आने के बाद पुलिस नाबालिग बच्ची के मां का भी बयान दर्ज करेगी ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।