मुंबई पुलिस की माउंटेड पुलिस यूनिट को मजबूत करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गृह विभाग ने 4 सितंबर 2026 को जारी शासन निर्णय में माउंटेड पुलिस यूनिट के लिए 70 नए ‘अश्वारोही खिलाड़ी’ पद सृजित करने को मंजूरी दी है। इन पदों को मौजूदा पदों के समान वेतनमान में बनाया जाएगा। शासन निर्णय के मुताबिक, पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई की स्थापना पर वर्तमान में कार्यरत 70 पदों को सरकार को समर्पित किया जाएगा।
जानें खास बातें
- इसके बदले समान वेतनमान में 70 नए पद ‘अश्वारोही खिलाड़ी’ संवर्ग में बनाए जाएंगे। यानी इस फैसले से पुलिस विभाग के कुल स्वीकृत पदों में अतिरिक्त बढ़ोतरी नहीं होगी, बल्कि मौजूदा 70 पदों का पुनर्गठन किया जाएगा।
- इस संबंध में पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई कार्यालय की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव में माउंटेड पुलिस यूनिट के लिए कार्यरत पदों को समर्पित कर उनके स्थान पर अश्वारोही खिलाड़ियों के नए पद बनाने की मांग की गई थी।
- 6 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय सचिव समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके बाद गृह विभाग ने शासन निर्णय जारी किया।
- सरकार ने माउंटेड पुलिस यूनिट के लिए अलग सेवा प्रवेश नियम निर्धारित करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि परिशिष्ट में दिए गए 70 पदों के अलावा कोई अतिरिक्त पद नहीं बनाया जाएगा और यूनिट के लिए अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
- शासन निर्णय में घोड़ों की देखभाल को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। घोड़ों के स्वास्थ्य, खान-पान और अस्तबल की व्यवस्था उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से ही करनी होगी।
- इस फैसले से मुंबई पुलिस की माउंटेड यूनिट में अश्वारोही खिलाड़ियों की नियुक्ति का रास्ता साफ होगा। माना जा रहा है कि इससे यूनिट की दक्षता और संचालन क्षमता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बता दें माउंटेड कानून व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए घोड़ों पर गश्त करने वाली पुलिस टुकड़ी होती है, जिसमें घोड़े शामिल होते हैं और घुड़सवार पुलिस मुस्तैदी से सुरक्षा व्ययवस्था का काम संभालती है।
ये भी पढ़ें:
महाराष्ट्र में 80 फीट ऊंचे किले से गिरकर महिला और दो बच्चों की मौत, एक घायल