अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन के बाद भी उनकी मौत को लेकर सवाल बने हुए हैं। उनके भतीजे और NCP शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत को लेकर संदेह जताया है। आज वह विमान दुर्घटना को लेकर एक प्रेजेंटेशन देने वाले हैं, जिसमें वो बताएंगे वो हादसा कैसे हुआ और क्यों हुआ। रोहित पवार ने कहा कि घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल और संदेह अभी तक बने हुए हैं। इनका जवाब वो आज मुंबई में होने वाली ब्रीफिंग के दौरान देने वाले हैं।
NCP के विलय को लेकर क्या कहा?
इसकी जानकारी रोहित पवार ने 7 फरवरी को बारामती में जिला परिषद चुनाव में अपना वोट डालने के बाद मीडिया को दी थी। रोहित पवार ने कहा था, ''विमान दुर्घटना में दिवंगत नेता अजित पवार की मौत के आसपास की परिस्थितियों को लेकर सभी को संदेह है। अजित पवार ने एनसीपी गुटों के एकजुट होने की इच्छा जताई थी और विलय की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।''
'हर किसी के मन में सवाल और शंकाएं हैं'
आगे उन्होंने कहा था, ''हर किसी के मन में सवाल और शंकाएं हैं। मैं 10 फरवरी को मुंबई में एक प्रस्तुति दूंगा। दुर्घटना क्यों हुई और कैसे हुई होगी, इन मुद्दों को 10 फरवरी को उठाया जाएगा।''
28 जनवरी को प्लेन क्रैश में गई थी जान
दिवंगत नेता अजित पवार NCP के अध्यक्ष थे जिनकी मौत 28 जनवरी को बारामती के नजदीक एक प्लेन क्रैश में हो गई। अजित पवार के निधन के बाद, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली। रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा था कि अजित पवार की दुखद मृत्यु उस समय हुई जब वे चुनाव प्रचार के लिए यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह घटना चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में हुई जबकि मतदान की तारीख पांच फरवरी निर्धारित थी। राजकीय शोक के कारण इसे बढाकर सात फरवरी कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें-
अजित पवार वाला देवगिरि बंगला अब सुनेत्रा पवार को आवंटित हुआ, महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया आदेश
अजित पवार का आखिरी VIDEO आया सामने, मौत से पहले 'दादा' ने क्या कहा था?