1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: जिस विमान में अजित पवार की मौत हुई, उसके मालिक एक फ्लाइट की मुख्य पायलट की सीट पर सोते दिखे; हड़कंप

VIDEO: जिस विमान में अजित पवार की मौत हुई, उसके मालिक एक फ्लाइट की मुख्य पायलट की सीट पर सोते दिखे; हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 02, 2026 07:09 am IST,  Updated : Mar 02, 2026 07:32 am IST

अजित पवार के बेटे जय पवार ने एक वीडियो शेयर करके VSR कंपनी के मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि VSR के मालिक रोहित सिंह उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए नजर आए।

Ajit Pawar son Jay Pawar - India TV Hindi
रोहित सिंह उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते दिखे Image Source : REPORTER INPUT

बारामती: महाराष्ट्र के दिवंगत नेता और पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की विमान क्रैश में मौत हो गई थी। ऐसे में उनके बेटे जय पवार ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें VSR कंपनी के मालिक एक फ्लाइट के मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए दिख रहे हैं। बता दें कि VSR  वेंचर्स वही निजी चार्टर कंपनी है जो 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुए लेयरजेट 45 विमान की मालिक थी।

जय पवार ने कंपनी के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

जय पवार ने VSR कंपनी के मालिक का एक फ्लाइट के मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए वीडियो पोस्ट किया है। जय पवार ने VSR कंपनी की उड़ान को पूरी तरह रोकने और रोहित सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की है। 

जय पवार ने पोस्ट कर कहा, "इस वीडियो में VSR के मालिक रोहित सिंह उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए नजर आ रहे हैं। आसमान में रहते हुए ऐसी लापरवाही नहीं हो सकती। यह अत्यंत गंभीर और चौंकाने वाला है।

मैं DGCA से दृढ़ता से मांग करता हूं कि इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए। पूरी जांच पूरी होने तक VSR के सभी विमानों को तत्काल ग्राउंड किया जाए और रोहित सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। यह एक बेटे की व्यथा है, मेरे पिता के लिए और हर यात्री की सुरक्षा के लिए।" 

अजित पवार की मौत कैसे हुई थी?

अजित पवार की विमान क्रैश में मौत हो गई थी। ये हादसा 28 जनवरी 2026 को हुआ था। वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे और मुंबई से बारामती (उनका गृह क्षेत्र) जा रहे थे। बारामती में वह एक जनसभा को संबोधित करने वाले थे लेकिन बारामती में उतरने से पहले ही उनकी मौत हो गई। 

अजित पवार एक चार्टर्ड Learjet 45XR विमान (रजिस्ट्रेशन VT-SSK) में सवार थे, जो VSR Ventures कंपनी का था। ये विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दूसरी कोशिश में क्रैश हो गया था। इसके बाद से विमान कंपनी सवालों के घेरे में है। इस हादसे में अजित पवार के अलावा विमान में सवार अन्य चार लोग भी मारे गए थे। (रिपोर्ट: बारामती से नाविद पठान)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।