1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: अकोला में बारिश ने बरपाया कहर, मंदिर में टिन शेड पर गिरा पेड़, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

VIDEO: अकोला में बारिश ने बरपाया कहर, मंदिर में टिन शेड पर गिरा पेड़, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Malaika Imam
 Published : Apr 10, 2023 06:57 am IST,  Updated : Apr 10, 2023 12:08 pm IST

महाराष्ट्र के अकोला जिले में बारिश के कारण दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के बाबूजी महाराज मंदिर में एक टिन शेड पर पेड़ गिर गया, जिसमें दबकर कई लोगों की मौत हो गई।

अकोला में दर्दनाक हादसा- India TV Hindi
अकोला में दर्दनाक हादसा

महाराष्ट्र के अकोला जिले में देर रात तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे भारी नुकसान हुआ। बालापुर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले पारस गांव में बाबूजी महाराज मंदिर में एक टिन शेड पर पेड़ गिर गया। इससे शेड धराशायी हो गया। इस दौरान बारिश से बचने के लिए टिन शेड के नीचे रुके कई यात्री दब गए।

घायलों का इलाज राज्य सरकार कराएगी

इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बालापुर पुलिस थाना निरीक्षक अनिल जुमले अपने सहयोगियों के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों की सहायता से दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। अब महाराष्ट्र सरकार ने इस दुर्घटना के जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही घायलों का इलाज राज्य सरकार कराएगी और मृतकों के परिवार को भी सहायता दी जाएगी।

अकोला में दर्दनाक हादसा
Image Source : INDIATVअकोला में दर्दनाक हादसा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में कहा कि इस दुर्घटना के जांच के आदेश राज्य सरकार ने दे दिए हैं। घटना में मृत व्यक्ति के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद की जाएगी। साथ ही दुर्घटना में घायल का इलाज महाराष्ट्र सरकार की ओर से किया जाएगा।

यहां देखें वीडियो

फडणवीस ने कहा, "मैंने कल रात में ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल घटनास्थल का दौरा कर घायलों का समय पर इलाज सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं। हम लगातार उनके संपर्क में हैं। कुछ घायलों को जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामूली चोट वाले व्यक्ति का इलाज अकोला जिल्हा के बालापुर ग्रामीण रुग्णालय में चल रहा है।"

अकोला में दर्दनाक हादसा
Image Source : INDIATVअकोला में दर्दनाक हादसा

पालघर के 2 गोदामों में लग गई आग

वहीं, महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में रविवार तड़के दो गोदामों में आग लग गई। वसई विरार अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सतीवली के मौर्या नाका में तड़के 1:30 बजे लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ और सुबह 5:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र में कोरोना के 788 नए मामले

इस बीच, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के रविवार को 788 नए मामले सामने आए। इस दौरान संक्रमण से एक शख्स की मौत हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, नए मामले आने के साथ ही महाराष्ट्र में अभी तक कुल 81,49,929 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने और कुल 1,48,459 लोगों की इस संक्रमण से मौत होने की पुष्टि हुई है। 

                                                                                                                                                                       रिपोर्ट- बंटी नंदुरकर/योगेंद्र तिवारी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।