महाराष्ट्र के अमरावती में अश्लील वीडियो कांड को लेकर हंगामा मचा हुआ है। अब इस पूरे मामले में अमरावती के एसपी विशाल आनंद ने प्रेस कांफ्रेंस में बड़ी जानकारी साझा की है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी ने कहा कि इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी के साथ, एक अन्य को भी आरोपी बनाया गया है जिसके मकान का प्रयोग, मुख्य आरोपी करता था।
पुलिस ने लैपटॉप और टैब जब्त किया
जो 6 अन्य आरोपी हैं, वीडियो को प्रसारित करने में उनकी भूमिका रही है। इस तरीके से 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों के पास से एक लैपटॉप और एक टैब पुलिस ने जब्त किया है जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अब तक 18 वीडियो एवं 39 फोटोग्राफ उनके पास से जब्त किया है।
6 पुलिसकर्मियों को अटैच किया गया
अमरावती के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोग अफवाह पर विश्वास ना करें। आठ आरोपियों के अलावा अन्य आरोपियो का नाम भी डिस्क्लोज किया जाएगा। 6 पुलिसकर्मियों को हेडक्वार्टर में अटैच कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एहतियात के तौर पर इन्हें अटैच कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों की भी जांच विभाग कर रहा है। यदि कुछ गलत पाया गया तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग इंस्टिट्यूट भी जांच के घेरे में
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लड़कियों से आरोपी की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई। पुलिस की जांच के घेरे में कोचिंग इंस्टिट्यूट भी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले में कोचिंग इंस्टिट्यूट की तो भूमिका नहीं है। लेकिन प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि सोशल मीडिया के जरिए ही यह लड़कियों तक पहुंचता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं वह उनको ब्लैकमेल तो नहीं करता था। आरोपी पिछले 6 महीने से इस तरीके का शोषण कर रहा था। लेकिन पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले भी इस तरीके का कुछ कृत्य तो नहीं किया है।
ये भी पढ़ें- यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के आरोपों के बीच TCS ने नासिक में कर्मचारियों को 'वर्क फ्रॉम होम' दिया
'कहता था जाओ हिंदू लड़कियों से शादी करो', नासिक IT कंपनी ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ मामले में सात गिरफ्तार