1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद हॉस्पिटल पहुंचे बॉलीवुड स्टार संजय दत्त, शरद और अजित पवार का भी सामने आया बयान

बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद हॉस्पिटल पहुंचे बॉलीवुड स्टार संजय दत्त, शरद और अजित पवार का भी सामने आया बयान

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 13, 2024 12:06 am IST,  Updated : Oct 13, 2024 06:26 am IST

बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बयान सामने आया है। इस मौके पर बॉलीवुड स्टार संजय दत्त लीलावती अस्पताल पहुंचे हैं।

Baba Siddiqui murder- India TV Hindi
हत्या के बाद हॉस्पिटल पहुंचे बॉलीवुड स्टार संजय दत्त Image Source : TWITTER

मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत से बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार रात बांद्रा इलाके में NCP अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोलीबारी के फौरन बाद बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लीलावती अस्पताल ने उनके निधन की खबर की पुष्टि कर दी। 

बॉलीवुड स्टार संजय दत्त लीलावती अस्पताल पहुंचे

बॉलीवुड स्टार संजय दत्त, बाबा सिद्दीकी की मौत की खबर सुनकर लीलावती अस्पताल पहुंचे हैं। 

शरद पवार का सामने आया बयान

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट किया, 'राज्य की ध्वस्त कानून-व्यवस्था चिंता का विषय है। मुंबई में पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी खेदजनक है। इसकी न केवल जांच करने की जरूरत है बल्कि इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करने की भी जरूरत है। सरकार को अपने पद से हटना चाहिए। बाबा सिद्दीकी को भावभीनी श्रद्धांजलि।'

अजित पवार ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने ट्वीट किया, 'एनसीपी नेता, पूर्व राज्य मंत्री, मेरे सहयोगी बाबा सिद्दीकी जो लंबे समय तक विधायक रहे हैं, पर गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और दर्दनाक है। मुझे यह जानकर झटका लगा कि इस घटना में उनकी मृत्यु हो गई। मैंने अपना अच्छा सहयोगी और मित्र खो दिया है। मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं बाबा सिद्दीकी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।'

सीएम शिंदे का सामने आया बयान

बाबा सिद्दीकी की मौत पर सीएम शिंदे का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, 'बाबा सिद्दीकी पर जानलेवा हमला हुआ है और उनकी मौत की खबर है। पुलिस कमिश्नर ने मुझे बताया है कि जिन्होंने गोलीबारी की है, उनमें एक आरोपी हरियाणा और दूसरा यूपी का है। पुलिस कड़ी करवाई करेगी। क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। इस मामले में 2 शूटर गिरफ्तार किए गए हैं। एक शूटर हरियाणा से और दूसरा शूटर यूपी से गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी अभी फरार है।'

बड़े गैंगस्टर के शामिल होने की संभावना

घटनास्थल के पास पुलिस टीम मौजूद है। गोलीबारी के 10 मिनट के भीतर इन शूटर्स को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में एक बड़े गैंगस्टर के शामिल होने की संभावना है।

डिप्टी सीएम फडणवीस हॉस्पिटल पहुंचे

घटना के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस लीलावती हॉस्पिटल पहुंचे हैं। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी भी सामने आई है कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने UP STF और हरियाणा CIA से संपर्क किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।