भिवंडी: महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के मेयर चुनाव ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया है। वोटिंग से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने आधिकारिक उम्मीदवार के नाम में बड़ा बदलाव कर सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। पार्टी ने अब स्नेहा मेहुल पाटील को अपना नया चेहरा घोषित किया है।
इससे पहले बीजेपी ने नारायण चौधरी के नाम पर मुहर लगाई थी और उन्होंने अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया था। माना जा रहा था कि नारायण चौधरी ही भाजपा की ओर से अंतिम चेहरा होंगे। लेकिन बुधवार को सियासी समीकरण तेजी से बदले और पार्टी ने पुराने फैसले को पलटते हुए स्नेहा मेहुल पाटील के नाम को आगे कर दिया।
भाजपा भिवंडी शहर अध्यक्ष रविकांत सावंत ने इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने पार्टी के सभी नगरसेवकों को लिखित पत्र सौंपकर निर्देश दिया है कि अब स्नेहा मेहुल पाटील ही बीजेपी की आधिकारिक उम्मीदवार होंगी।
बता दें कि भिवंडी के मेयर पद के लिए चुनाव 20 फरवरी को होने जा रहा है। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका में कुल सीटों की संख्या 90 है। भिवंडी महानगरपालिका में बहुमत का आंकड़ा 40 सीटों का है। लेकिन किसी भी एक पार्टी के पास बहुमत का आंकड़ा नहीं है। बीजेपी और शिंदे की शिवसेना के मिलाकर कुल पार्षदों की संख्या 34 तक पहुंचती है। शिवसेना ने अभी स्थित साफ नहीं की है कि वह किसके साथ रहेगी। ऐसे में जोड़तोड़ की पूरी संभावना जताई जा रही है।
(रिपोर्ट- सय्यद नकी हसन)
ये भी पढ़ें-
CCTV: एक्स-हस्बैंड ने लिया तलाक और दूसरी शादी का बदला , सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल को दी दर्दनाक मौत
बेकाबू बस ने सामने से आ रहे ऑटो को रौंदा, बिछ गईं 6 लाशें, इनमें 7वीं की छात्रा भी शामिल
संपादक की पसंद