1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुफ्त लाउडस्पीकर बांटने वाले बीजेपी नेता कंबोज पर हमला, सीएम ठाकरे के बंगले के पास किया टारगेट

मुफ्त लाउडस्पीकर बांटने वाले बीजेपी नेता कंबोज पर हमला, सीएम ठाकरे के बंगले के पास किया टारगेट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 23, 2022 07:53 am IST,  Updated : Apr 23, 2022 07:53 am IST

महाराष्ट्र भाजपा के नेता मोहित कंबोज पर कलानगर जंक्शन के पास हमला किया गया है। उन्होंने बताया कि 'कलानगर जंक्शन पर मेरी कार पर भीड़ ने हमला किया, हम बचकर निकलने में सफल रहे। 

BJP Leader Mohit Kamboj- India TV Hindi
BJP Leader Mohit Kamboj Image Source : ANI

मुंबई। महाराष्ट्र भाजपा के नेता मोहित कंबोज पर कलानगर जंक्शन के पास हमला किया गया है। हमला किसने कराया है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इस संबंध में मोहित कंबोज का बयान आया है। उन्होंने बताया कि 'कलानगर जंक्शन पर मेरी कार पर भीड़ ने हमला किया, हम बचकर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बंगाल से भी बदतर साबित हो रही है। नवाब मलिक जैसे भ्रष्ट मंत्रियों का पर्दाफाश करने वाले विपक्षी नेताओं पर राज्य सरकार द्वारा हमला किया जा रहा है। मैं इसकी निंदा करता हूं।'

पुलिस में की शिकायत, कहा- जान से मारने की कोशिश की गई

बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने सांताक्रुज पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत की है। इसमें उन्होंने मॉब लिंचिंग का आरोप लगाया और कहा कि मातोश्री कला नगर के बाहर मौजूद शिवसैनिकों की भीड़ ने जबरन उन्हें कार से निकालकर जान से मारने की कोशिश की।

हमले के मास्टरमाइंड की जांच करे पुलिस

कला नागर सिग्नल पर लगे सीसीटीवी टेम्पेरेड किए जा सकते हैं, जिसमें घटना कि पूरी तस्वीर है। मोहित ने मुम्बई पुलिस से मांग की है इस हमले का पॉलिटकल मास्टरमाइंड कौन है, उसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही आरोपियों पर  307 ,149 ,506 (2)IPC 34 के तहत FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

मंदिरों में मुफ्त लाउडस्पीकर बांटे थे मोहित ने

बता दें कि मोहित कंबोज ने हाल ही में मंदिर और ट्रस्टों को मुफ्त में लाउडस्पीकर बांटे थे और उनसे हनुमान चालीसा बजाने का आग्रह किया था। 14 अप्रैल को मोहित कंबोज ने ऐलान किया था कि पूरे देश के मंदिरों में मुफ्त लाउडस्पीकर लगवाएंगे। उन्होंने कहा है कि ये मुफ्त लाउडस्पीकर मंदिरों में लगवाकर हर रोज देवी-देवताओं के भजन-कीर्तन बजाएं और हनुमान चालीसा का पाठ करवाएं।

हिंदुओं से एकजुट होने का किया था आह्वान

मोहित कंबोज ने इसे लेकर पूरे देश के मंदिर ट्रस्टों को पत्र लिखा था। उनकी ओर से लिखे गए पत्र में अतीत, विदेशियों के आक्रमण की चर्चा करते हुए भविष्य को लेकर सचेत रहने का आह्वान किया गया था। मोहित कंबोज ने हिंदुओं से जातिगत भावनाओं से ऊपर उठ एकजुट होने का आह्वान किया था। 

भाजपा में कई अहम पदों पर रहे हैं कंबोज

मोहित बीजेपी में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। कंबोज भाजपा की मुंबई इकाई के महासचिव हैं, जिनके खिलाफ सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा जांच कर रही है। कंबोज 2016 से 19 के बीच भारतीय जनता पार्टी की मुंबई युवा  शाखा के अध्यक्ष भी थे। अगस्त 2019 में उन्हें मुंबई भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।