1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. "शिंदे ने मुझे बनाया क्रिमिनल," BJP विधायक ने बताई शिवसेना नेता को गोली मारने की वजह

"शिंदे ने मुझे बनाया क्रिमिनल," BJP विधायक ने बताई शिवसेना नेता को गोली मारने की वजह

 Published : Feb 04, 2024 09:37 am IST,  Updated : Feb 04, 2024 10:01 am IST

उल्हासनगर फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने कहा है कि एकनाथ शिंदे ने मुझे अपराधी बना दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि शिंदे भाजपा को भी धोखा देंगे।

maharashtra - India TV Hindi
बीजेप विधायक गणपत गायकवाड और सीएम एकनाथ शिंदे Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र के उल्हासनगर में शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ को 6 गोली मारने वाले बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने बड़ा बयान दिया है। बीजेपी विधायक ने इस घटना का दोष मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर लगा दिया। शुक्रवार को अपनी गिरफ्तारी से पहले एक मराठी न्यूज चैनल से फोन पर बात करते हुए गणपत गायकवाड़ ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने 'मुझे अपराधी बना दिया'। बता दें कि कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने शुक्रवार की रात उल्हासनगर के पुलिस थाने में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के सामने महेश गायकवाड को गोली मारकर घायल कर दिया था, जिससे राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया। 

"शिंदे ने बनाया अपराधी, भाजपा को देंगे धोखा"

अपने कृत्य का बचाव करते हुए गणपत गायकवाड ने कहा कि उन्होंने बंदूक का इस्तेमाल तब किया, जब उनके बेटे को पुलिस थाने में पीटा जा रहा था। उन्होंने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि शिंदे के मुख्यमंत्री रहने पर महाराष्ट्र में सिर्फ अपराधी पैदा होंगे। गणपत गायकवाड ने अपनी गिरफ्तारी से पहले मराठी समाचार चैनल ‘जी24तास’ को फोन पर बताया, ‘‘शिंदे साहब ने उद्धव (ठाकरे) को धोखा दिया। वह भाजपा को धोखा देंगे। उन्होंने आज मुझ जैसे अच्छे इंसान को अपराधी बना दिया है।" गायकवाड ने कहा कि अगर महाराष्ट्र को अच्छी तरह से प्रबंधित करना है, तो शिंदे को इस्तीफा दे देना चाहिए। 

बता दें कि राज्य के गृह विभाग का प्रभार भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस के पास है, जिन्होंने गोलीबारी की घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। 

कल्याण लोकसभा सीट को लेकर दोनों दलों के बीच तनाव

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गोलीबारी की घटना ने कल्याण में भाजपा और शिवसेना के बीच बढ़ते तनाव को सामने ला दिया है, क्योंकि दोनों दलों की नजर इस लोकसभा क्षेत्र पर है। फिलहाल कल्याण लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे कर रहे हैं। शिवसेना और भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में साझेदार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री शिंदे के गढ़ ठाणे जिले के कल्याण निर्वाचन क्षेत्र में दोनों दलों के रिश्ते तनावपूर्ण हैं।

थाने के अंदर बीजेपी विधायक ने चलाई गोलियां 

बता दें कि इस घटना में घायल महेश गायकवाड, कल्याण में शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रमुख हैं। पुलिस के मुताबिक, गणपत गायकवाड का बेटा शुक्रवार शाम को जमीन विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने गया था, तभी महेश गायकवाड अपने लोगों के साथ वहां पहुंचे। इसके बाद गणपत गायकवाड भी थाने पहुंचे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक और शिवसेना नेता के बीच बहस हो गई और गणपत गायकवाड ने वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड पर गोलियां चला दीं, जिससे वह और महेश के एक सहयोगी राहुल पाटिल घायल हो गए। बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड सहित 3 लोगों को कोर्ट ने 14 फरवरी यानी 11 दिनों तक पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।