1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. क्रिकेट की गेंद खोजने टैंक में उतरा मासूम, डूबने से हुई मौत; बारिश से बढ़ गया था पानी

क्रिकेट की गेंद खोजने टैंक में उतरा मासूम, डूबने से हुई मौत; बारिश से बढ़ गया था पानी

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 11, 2025 11:51 am IST,  Updated : Jul 11, 2025 11:57 am IST

महाराष्ट्र के नागपुर में गणेश विसर्जन के लिए बनाए गए टैंक में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा गेंद खोजने के लिए टैंक में उतरा था। हालांकि पानी ज्यादा होने की वजह से उसमें डूब गया और उसकी मौत हो गई।

टैंक में डूबने से हुई मौत।- India TV Hindi
टैंक में डूबने से हुई मौत। Image Source : INDIA TV

नागपुर: जिले के कच्ची विसा भवन में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक बच्चे की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा क्रिकेट की गेंद ढूंढने के लिए पानी के टैंक में उतरा था। यह टैंक गणेश विसर्जन के लिए बनाया गया था। हालांकि बारिश की वजह से इसमें पानी ज्यादा भर गया था, जिससे बच्चे को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। गेंद ढूंढने के दौरान पानी में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह डूब गए। मृतक की पहचान 10 वर्षीय महेश कमल थापा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। 

नेपाल का निवासी था मासूम

दरअसल, मृतक महेश के पिता मुलतः नेपाल के रहने वाले हैं। कुछ साल पहले अपने दोस्तों-रिश्तेदारों के साथ काम की तलाश में पूरा परिवार नागपुर आ गया। यहां काम भी मिल गया और ये लोग यहीं पर बस गए। गुरुवार को महेश कच्ची विसा मैदान में क्रिकेट खेलने चला गया। लगभग एक घंटे तक महेश वहीं पर खेलता रहा। मैदान के एक हिस्से में गणेश विसर्जन के लिए बड़ा टैंक तैयार किया गया है। खेलते समय महेश की गेंद विसर्जन टैंक के पास गुम हो गई। आस-पास तलाश करने के बाद भी गेंद नहीं मिली तो महेश टैंक में उतर गया।

गेंद खोजने टैंक में उतरा था बच्चा

महेश टैंक में उतरकर गेंद ढूंढने की कोशिश करने लगा और उसका एक दोस्त चेतन बाहर खड़ा होकर इंतजार करने लगा। महेश पानी में अपनी गेंद ढूंढता हुआ गहराई में चला गया। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह पानी में गिर गया और डूब गया। चेतन ने टैंक के भीतर देखा तो महेश गायब था। इसके बाद उसने मैदान पर मौजूद एक व्यक्ति को महेश के टैंक में डूबने की जानकारी दी। बाद में लकड़गंज पुलिस और फायर स्टेशन को इसकी सूचना दी गई। तत्काल दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महेश को टैंक से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक महेश की मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।