1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र कांग्रेस के सीनियर नेता विजय वडेट्टीवार 15 हजार रुपये के ड्रोन वाले बयान से पलटे, जानिए अब क्या कहा

महाराष्ट्र कांग्रेस के सीनियर नेता विजय वडेट्टीवार 15 हजार रुपये के ड्रोन वाले बयान से पलटे, जानिए अब क्या कहा

 Reported By: Yogendra Tiwari, Written By: Mangal Yadav
 Published : May 22, 2025 03:41 pm IST,  Updated : May 22, 2025 03:56 pm IST

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान 15,000 रुपये की लागत वाले पाकिस्तान द्वारा दागे गए चीनी ड्रोन को रोकने के लिए 15 लाख रुपये की लागत वाली मिसाइलों का इस्तेमाल करने के पीछे के औचित्य पर सवाल उठाया था लेकिन गुरुवार को वह अपने बयान से पलट गए।

कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार- India TV Hindi
कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार Image Source : INDIA TV

नागपुरः महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक विजय वडेट्टीवार ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए विवादित बयान से पलट गए हैं और सारा ठीकरा मीडिया पर फोड़ दिया है। विजय वडेट्टीवार ने कल कहा था कि 15 हजार रुपये की ड्रोन के लिए हमने 15 लाख की मिसाइल दागी। सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। चौतरफा घिरने के बाद विजय वडेट्टीवार ने अपने बयान पर सफाई देते हुए गुरुवार को कहा कि मैंने जो कहा वो रक्षा विशेषज्ञ की बात बताया था। उसको लेकर मैंने कहा था। ये मेरा  वक्तव्य नहीं था।

उन्होंने मीडिया वालों से कहा कि आप लोग आधी बात बताते हैं। पूरी बात बताया करो। सरकार से हम सवाल नहीं कर सकते क्या। सरकार से सवाल करना देशद्रोह होता है क्या। 

सरकार से सवाल पूछना कुछ भी गलत नहींः वडेट्टीवार 

नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व राज्य मंत्री ने जानना चाहा कि क्या सरकार से संघर्ष में हुए नुकसान के बारे में पूछना गलत है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान के खिलाफ 'चुटपुट' युद्ध बताए जाने के सवाल पर वडेट्टीवार ने कहा कि संघर्ष में देश को हुए नुकसान और सैनिकों की मौत के बारे में सरकार से सवाल पूछना गलत नहीं है। 

वडेट्टीवार ने क्या कहा था? 

महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को कहा था कि भारतीय सेना को हुए नुकसान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने उन रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने 5,000 से 15,000 रुपये की लागत वाले सस्ते, चीनी निर्मित ड्रोन इस्तेमाल किए। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रत्येक को गिराने के लिए 15 लाख रुपये की मिसाइलों का इस्तेमाल किया। उन्होंने इसे चीनी रणनीति का हिस्सा बताया और स्पष्ट किया कि ये केवल घूम-फिर कर चर्चाएं हैं और उन्हें पूरी सच्चाई नहीं पता।

देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता पर साधा था निशाना

विजय वडेट्टीवार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जिन लोगों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना नहीं है, वे "मूर्ख" हैं। ऐसे लोगों क्या जवाब दिया जाए। मूर्खों को क्या कहा जा सकता है? कांग्रेस के नेताओं को चीजों के बीच अंतर नहीं दिखता है। उनके लिए, खेतों में किसानों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन और लड़ाकू ड्रोन के बीच कोई अंतर नहीं है। तो ऐसे लोगों को क्या जवाब दिया जाना चाहिए?  

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।