1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. NEET परीक्षा में धांधली को लेकर कांग्रेस का कीचड़ फेंको आंदोलन, पुलिस ने कई को लिया हिरासत में

NEET परीक्षा में धांधली को लेकर कांग्रेस का कीचड़ फेंको आंदोलन, पुलिस ने कई को लिया हिरासत में

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 21, 2024 02:46 pm IST,  Updated : Jun 21, 2024 02:59 pm IST

नीट परीक्षा में हुई धांधली को लेकर मेडिकल छात्रों के साथ ही अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीचड़ फेंको आंदोलन किया है।

नागपुर में कीचड़ फेंक प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता- India TV Hindi
नागपुर में कीचड़ फेंक प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता Image Source : INDIA TV

मेडिकल की नीट परीक्षा में हुई अनियमितता के खिलाफ महाराष्ट्र कांग्रेस ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में आंदोलन किया। नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जमकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीचड़ फेंको आंदोलन के तहत भी प्रदर्शन किया। शुक्रवार को नागपुर के वैरायटी चौक पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और वहां पर उन लोगों ने सरकार के प्रतीकात्मक पुतला पर कीचड़ फेंका। साथ ही पुतले के पास मटका फोड़ कर अपना विरोध पर दर्शाया। 

कांग्रेसियों ने सड़क पर लेट कर यातायात किया बाधित

कीचड़ फेंको आंदोलन को उग्र रूप देने की कोशिश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने की। विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक सड़क पर तमाम कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और आवाजाही को बाधित करने की कोशिश की। इससे वहां से गुजर रहे वाहनों और लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़ बैरिकेट

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकेटिंग करके पुलिस ने एक जगह रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेट को तोड़ते हुए आगे निकल गए और सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। सड़क पर कांग्रेस के कार्यकर्ता लेट गए, कुछ बैठ गए, सबका यही कहना था कि सरकारी युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीट परीक्षा में हुई अनियमित इसका जीता जागता उदाहरण है। 

युवाओं के भविष्य से सरकार का कोई लेना-देना नहीं 

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना था कि नीट की परीक्षाओं में अनियमित हो रही है। केंद्र सरकार के रहते कई पेपर लीक हो चुके हैं। कोई भी पेपर समय पर नहीं हो रहे हैं, जो हो भी रहे हैं तो पेपर लीक किये जा रहे हैं। युवाओं के भविष्य से सरकार को कोई लेना-देना नहीं है।

कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में 

साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। महाराष्ट्र की सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। लोगों का भरोसा सरकार से उठ गया है। प्रतियोगी परीक्षा समय पर नहीं हो रही है। यदि यह परीक्षा ली जाती है तो पेपर लीक का ग्रहण लग जाता है। सड़क पर हो रहे विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकर्ता इतने उग्र हो गए कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।