1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. छुट्टी के दिन बंद ED दफ्तर के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल-सोनिया के खिलाफ चार्जशीट पर हंगामा

छुट्टी के दिन बंद ED दफ्तर के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल-सोनिया के खिलाफ चार्जशीट पर हंगामा

 Reported By: Saket Rai Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 19, 2025 07:31 pm IST,  Updated : Apr 19, 2025 07:31 pm IST

मुंबई में कांग्रेस युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ED दफ्तर के बाहर सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट के विरोध में प्रदर्शन किया। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन को गंभीर मानते हुए FIR दर्ज करने की बात कही है।

Youth Congress, Youth Congress ED protest, ED protest, Rahul Gandhi- India TV Hindi
ED दफ्तर के सामने प्रदर्शन करते यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता। Image Source : INDIA TV

मुंबई: छुट्टी के कारण बंद पड़े प्रवर्तन निदेशालय यानी कि ED के मुंबई दफ्तर के सामने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेस युवा मोर्चा के 15-20 कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह आंदोलन कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ED द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट के विरोध में था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया। मुंबई पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।

राहुल और सोनिया पर क्यों हुई चार्जशीट?

कांग्रेस युवा मोर्चा का यह प्रदर्शन सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ED द्वारा हाल ही में दाखिल की गई चार्जशीट को लेकर था। चार्जशीट कथित तौर पर वित्तीय अनियमितताओं या मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में दर्ज की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार द्वारा ED का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा है। इस प्रदर्शन के जरिए युवा कांग्रेस ने चार्जशीट को राजनीति से प्रेरित बताते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया।

युवा कांग्रेस के 15-20 कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

मुंबई पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर 3 बजे के आसपास हुई, जब ED का दफ्तर छुट्टी के कारण बंद था। दफ्तर के गेट को सुरक्षा गार्ड ने अतिरिक्त रूप से चेन से लॉक कर रखा था। इसके बावजूद, युवा कांग्रेस के 15-20 कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के बाहर इकट्ठा होकर ED और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की कोशिश की गई।

पुलिस ने कहा, दर्ज की जाएगी FIR

मुंबई पुलिस ने इस अनधिकृत प्रदर्शन को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने बताया कि एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किन धाराओं के तहत मामला दर्ज होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।