1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अंबरनाथ: पहले BJP के साथ गठबंधन किया, जब मामला वायरल हुआ तो कांग्रेस ने 12 पार्षदों को कर दिया निलंबित

अंबरनाथ: पहले BJP के साथ गठबंधन किया, जब मामला वायरल हुआ तो कांग्रेस ने 12 पार्षदों को कर दिया निलंबित

 Reported By: Dinesh Mourya Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jan 07, 2026 02:23 pm IST,  Updated : Jan 07, 2026 03:29 pm IST

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा से गठबंधन करने वाले अपने 12 पार्षदों को निलंबित कर दिया है और ब्लॉक कमेटी भंग कर दी है। पार्टी ने साफ किया कि बीजेपी से किसी भी स्तर पर गठबंधन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Ambarnath Congress councillors suspended, Congress BJP alliance controversy- India TV Hindi
कांग्रेस ने अंबरनाथ में बीजेपी के साथ जाने वाले अपने पार्षदों को सस्पेंड कर दिया है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस ने अंबरनाथ नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले अपने सभी 12 पार्षदों को पार्टी से निलंबित कर दिया है। साथ ही, ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी को भी बर्खास्त कर दिया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर बीजेपी के साथ गठबंधन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बता दें कि मुंबई से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित अंबरनाथ नगर परिषद में हुए एक अप्रत्याशित राजनीतिक घटनाक्रम में बीजेपी ने कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर शिंदे गुट की शिवसेना को नगर परिषद में सत्ता से दूर रखा है।

अंबरनाथ विकास अघाड़ी है गठबंधन का नाम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी और कांग्रेस गठबंधन को 'अंबरनाथ विकास अघाड़ी' का नाम दिया गया है। बता दें कि अंबरनाथ को शिंदे गुट की शिवसेना का गढ़ माना जाता है। यहां से एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे सांसद हैं। हाल के नगर परिषद चुनाव में कुल 60 सीटों पर नतीजे इस प्रकार आए:

कुल सीटें - 60

  1. बीजेपी - 14
  2. शिवसेना - 27
  3. कांग्रेस - 12
  4. एनसीपी - 4
  5. निर्दलीय - 2

गठबंधन से शिंदे सेना में भारी नाराजगी

अंबरनाथ नगर परिषद चुनाव में बीजेपी का नगराध्यक्ष चुना गया। शिवसेना को उम्मीद थी कि भाजपा उसके साथ मिलकर सरकार बनाएगी, लेकिन उसने कांग्रेस से गठबंधन कर लिया। शिवसेना (शिंदे गुट) में इस गठबंधन से भारी नाराजगी है। गुट के विधायक डॉ. बालाजी किनिकर ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस-मुक्त भारत की बात करने वाली पार्टी अब कांग्रेस के साथ मिलकर शिवसेना पर हमला कर रही है। उन्होंने इसे 'अभद्र गठबंधन' बताया। सांसद श्रीकांत शिंदे ने भी बयान जारी कर कहा, 'यह सवाल पूरी तरह से हमारी सहयोगी BJP के लिए है। BJP नेता इसका जवाब अच्छे से दे पाएंगे।'

'शिवसेना विकास की राजनीति करने वालों के साथ'

शिंदे ने आगे कहा, 'कई सालों से बीजेपी और शिवसेना केंद्र, राज्य और नगर निगम स्तर पर गठबंधन में हैं। यह गठबंधन अटूट रहना चाहिए। अंबरनाथ में शिवसेना सत्ता में थी और उसने अच्छा विकास कार्य किया। अब, वे जो भी फैसला लेना चाहते हैं, शिवसेना विकास की राजनीति करने वालों के साथ होगी।' बीजेपी ने इन आरोपों का जवाब देते हुए सफाई दी है। भाजपा उपाध्यक्ष गुलाबराव करंजुले पाटिल ने शिंदे गुट पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर वे पिछले 25 सालों से भ्रष्टाचार में लिप्त शिंदे गुट के साथ सत्ता में होते, तो यह एक बेहद अनुचित गठबंधन होता।

कांग्रेस के साथ गठबंधन मंजूर नहीं: फडणवीस

गुलाबराव करंजुले पाटिल ने दावा किया कि उन्होंने अंबरनाथ नगर परिषद के लिए शिंदे गुट के साथ महागठबंधन पर कई बार चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन उनके नेताओं से कोई जवाब नहीं मिला। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि अंबरनाथ में स्थानीय स्तर पर जो फैसला लिया गया है, उसे सुधारा जाएगा और कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।