1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में कांग्रेस अकेले लड़ सकती है लोकल बॉडीज का चुनाव, पार्टी नेता नसीम खान का बड़ा बयान

महाराष्ट्र में कांग्रेस अकेले लड़ सकती है लोकल बॉडीज का चुनाव, पार्टी नेता नसीम खान का बड़ा बयान

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jan 14, 2025 05:32 pm IST,  Updated : Jan 14, 2025 05:36 pm IST

नसीम खान ने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र है संविधान है हर आदमी अपने-अपने विचार व्यक्त करता है। मोहन भागवत कोई देश के संविधान नहीं है कि वह जो कहते हैं वही देश के लिए सही होगा।

सीनियर कांग्रेस नेता नसीम खान- India TV Hindi
सीनियर कांग्रेस नेता नसीम खान Image Source : SOCIAL MEDIA

मुंबईः महाराष्ट्र में बीएमसी समेत अन्य लोकल चुनाव कांग्रेस अपने बल पर लड़ सकती है। सीनियर कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि महाविकास आघाड़ी और इंडिया गठबंधन देश में लोकतंत्र बचाने के लिए बनी थी और आज भी अपने अस्तित्व में हैं। लेकिन जहां तक लोकल बॉडीज के चुनाव की बात है तो हर पार्टी चाहती है कि वह अपने कार्यकर्ताओं के लिए अकेले लड़े। कांग्रेस में भी कार्यकर्ताओं की यही मांग है कि हमें इस चुनाव में अकेले अपने दम पर जाना चाहिए। 

नसीम खान ने दिया बड़ा बयान

नसीम खान ने कहा कि इससे पहले भी जब हम शरद पवार की एनसीपी के साथ 15 सालों तक गठबंधन में थे तब भी लोकल बॉडीज के चुनाव हम अकेले ही लड़ते थे और इस बार भी हमें लगता है कि वही ठीक होगा और लोकल बॉडीज का चुनाव हम अपने स्तर पर ही लड़ेंगे। हालांकि इसका फैसला कांग्रेस हाई कमान करेगा लेकिन महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ की इच्छा है कि हम लोकल बॉडी का चुनाव अपने स्तर पर लड़ें।

उन्होंने कहा कि संजय राउत और शिवसेना के अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद हमने कोई सोच नहीं बदली बल्कि कांग्रेस में यह सोच विधानसभा चुनाव से पहले से ही थी की लोकल बॉडीज का चुनाव हमें अकेले लड़ना चाहिए। शरद पवार ने बिल्कुल ठीक कहा है कि इंडिया गठबंधन हो या फिर महा विकास आघाडी हो इसे लोकसभा और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाया था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव पर भी बोले नसीम खान

नसीम खान ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की स्थिति बिल्कुल अलग है। अगर आम आदमी पार्टी अकेले लड़ना चाहती है तो ठीक है।  अगर वहां गठबंधन नहीं हुआ है तो ठीक है। हम भी अलग चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि हमें लड़ना है। हम एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल भी हैं। लेकिन अगर गठबंधन होता तो अच्छी बात होती और हम वहां जीतने के लिए ही चुनाव लड़ रहे हैं।

शरद पवार के बयान पर कही ये बात

कांग्रेस नेता ने कहा कि शरद पवार के आम आदमी पार्टी के पक्ष में दिए गए बयान पर मैं कोई कमेंट नहीं करना चाहता। इस देश में लोकतंत्र है और सब लोग अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ जो भी दल रहता है उसको खत्म करने की नीति पर भारतीय जनता पार्टी काम करती है। पहले उस दल को वह साथ में लेते हैं उसका फायदा उठाते हैं और जब खुद ताकतवर हो जाते हैं तो उस दल को वह खत्म कर देते हैं। वही काम भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में कर रही है। आने वाले दिनों में दिखेगा की जो राजनीतिक दल अभी बीजेपी के साथ है उनका क्या राजनीतिक हस्र भाजपा आने वाले दिनों में करती है। वह जल्द ही पता चल जाएगा।

उन्होंने कहा कि बाला साहब स्मारक समिति से उद्धव ठाकरे को अध्यक्ष पद से हटाने की बात करना एकनाथ शिंदे गुटके नेताओं का ओछापन है। राजनीति में थोड़ी तो गरिमा रखनी चाहिए। लोगों को इतने नीचे स्तर पर जाकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। राजनीतिक द्वेष के कारण ऐसी मांग करना ओछापन है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।