1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में आज 7827 नए कोरोना मामले दर्ज, 173 लोगों की संक्रमण से मौत

महाराष्ट्र में आज 7827 नए कोरोना मामले दर्ज, 173 लोगों की संक्रमण से मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 12, 2020 07:00 pm IST,  Updated : Jul 12, 2020 08:08 pm IST

महाराष्ट्र में आज 3340 लोग कोरोना से मुक्त होकर घर भेज दिए गए है। राज्य में अबतक कुल 140325 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं यहां रिकवरी रेट 55.15 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में आज 7827 नए कोरोना के केस दर्ज किए गए है।

Coronavirus cases in Maharashtra till 12 July- India TV Hindi
Coronavirus cases in Maharashtra till 12 July Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,827 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,54,427 तक पहुंच गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने एक बयान में कहा कि इस घातक वायरस के कारण 173 और मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा 10,289 तक जा पहुंचा। इसके मुताबिक, रविवार को कुल 3,340 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ ही अब तक राज्य में 1,40,325 मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। राज्य में अब तक 13,17,895 नमूनों की जांच की गई है। वहीं, राज्य में फिलहाल 1,03,813 मरीज उपचाराधीन हैं। 

मुंबई नगर निगम के अधिकारी अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद यहां जुहू इलाके में उनके आवासीय एवं कार्यालय परिसरों को संक्रमणमुक्त कर रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बच्चन पिता-पुत्र के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। 

अमिताभ (77) और अभिषेक (44) ने शनिवार को कहा था कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर निगम अधिकारी ने बताया कि बीएमसी के दल मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार आवासीय एवं कार्यालय परिसरों को संक्रमणमुक्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिसरों के बाहर निरुद्ध क्षेत्र का बैनर भी लगाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुहू में बच्चन परिवार के दो बंगलों और नानावती अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नानावती अस्पताल में अमिताभ और अभिषेक को भर्ती कराया गया है। 

मुंबई में राजभवन के 18 कर्मचारी संक्रमित

दक्षिण मुंबई में स्थित राजभवन के 18 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। नगर निकाय के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ठीक हैं और उन्होंने एहतियाती तौर पर खुद को पृथक कर लिया है। 

अधिकारी ने बताया कि राजभवन के दो कर्मचारी गत सप्ताह संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद 100 अन्य कर्मचारियों की जांच कराई गई जिनमें से 16 संक्रमित पाए गए। सूत्रों ने बताया कि संक्रमित पाए गए कर्मचारियों में स्टाफ के वरिष्ठ सदस्य भी शामिल हैं। 

भारत में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में शनिवार को एक दिन में रिकॉर्ड 8,139 नए मामले आने के साथ ही राज्य में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 2,46,600 हो गई। मामलों में वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार ने पुणे जिले में 10 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।