मुंबईः मुंबई का गोखले ब्रिज विवादों में है। ब्रिज के साइड में पैदल चलने वालों के बनाया गया फुटपाथ इतना संकरा है कि एक बार में सिर्फ एक व्यक्ति ही फुटपाथ पर पैदल चल सकता है। इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसका बचाव करते हुए बीएमसी ने कहा कि फुटपाथ का केवल एक हिस्सा ही संकरा है, पूरा हिस्सा नहीं।
संकरे फुटपाथ की हो रही है आलोचना
वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि फुटपाथ के दोनों ओर ऊंची कंक्रीट की दीवारें हैं, जिससे एक व्यक्ति के गुजरने के लिए मुश्किल से ही जगह बचती है। यह इतना संकरा है कि दो लोग एक-दूसरे से टकराए बिना साथ-साथ नहीं चल सकते। इतना ही नहीं, नया खुला होने के बावजूद, फुटपाथ गंदा और उपेक्षित दिखता है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस पुल से इलाके में यातायात की भीड़ कम होने की उम्मीद थी, लेकिन अब पैदल यात्री इसके डिज़ाइन पर सवाल उठा रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पैदल यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया था।
कितना है ब्रिज का साइज
बताया जा रहा है कि पुल की कुल लंबाई 511 मीटर और चौड़ाई 27 मीटर है, जिसमें दोनों तरफ पैदल यात्री मार्ग और 3+3 लेन का वाहन मार्ग शामिल है। रेलवे पटरियों के ऊपर इसका फैलाव 90 मीटर है।
हादसे के बाद फिर से बनाया गया ब्रिज
दरअसल, 2018 में रेलवे पटरियों के ऊपर बने इस पुल का एक हिस्सा ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई थी और तीन घायल हो गए थे। इसके बाद अधिकारियों ने इस पर यातायात बंद कर दिया और मुंबई के सभी रेलवे पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया। पुराने ढांचे को तोड़कर एक नया पुल बनाया गया। ब्रिज बनने के बाद इसे खोला गया। पश्चिम से पूर्व की ओर हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति देने वाला पहला चरण पिछले साल फरवरी में खोला गया था।
इसी साल मई में पूरी तरह चालू हुआ ब्रिज
मुंबई के अंधेरी में स्थित गोखले ब्रिज 11 मई, 2025 को जनता के लिए पूरी तरह से खोला गया था। संरचनात्मक कारणों से यह लगभग 7 वर्षों तक बंद रहा था। हालाकि, पुनः खुलने के मात्र दो महीने बाद ही इसे खराब योजना और डिज़ाइन के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।