1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में शाम को कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश, कई जगहों पर भरा पानी, पेड़ गिरने की भी घटनाएं

मुंबई में शाम को कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश, कई जगहों पर भरा पानी, पेड़ गिरने की भी घटनाएं

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 30, 2026 10:12 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 10:12 pm IST

मुंबई में हुई तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मुंबई में तेज बारिश हो सकती है।

Mumbai- India TV Hindi
मुंबई में हुई तेज बारिश Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: मुंबई में शाम के समय कई इलाकों में रुक-रुक कर तेज बारिश हुई, जिसके चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। हालांकि, शाम के समय लो टाइड होने और करीब सात बजे के बाद बारिश की तीव्रता कम होने से पानी की निकासी तेजी से हुई और हालात में सुधार देखने को मिला।

कुर्ला में भरा पानी

मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), कुर्ला में रेलवे ट्रैक के बगल में पानी जमा हुआ है। राहत की बात यह है कि पानी अभी पटरियों तक नहीं पहुंचा है, इसलिए रेल संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। बारिश कम होने के कारण जलस्तर भी धीरे-धीरे घट रहा है।

कई इलाकों में 25 मिलीमीटर से अधिक बारिश 

आज मुंबई शहर और उपनगर के कई इलाकों में 25 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण शहर में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। चेंबूर में एक स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने की घटनाओं की जानकारी मिली है।

स्थिति से निपटने के लिए बीएमसी ने अपने सभी डी-वॉटरिंग पंप सक्रिय कर दिए हैं। बीएमसी के कर्मचारी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य आपदा प्रबंधन दल लगातार मैदान में तैनात हैं, ताकि जलभराव वाले इलाकों से पानी की निकासी और यातायात को सुचारु बनाए रखा जा सके।

अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई में तेज बारिश की संभावना

फिलहाल मुंबई में रुक-रुक कर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई के कुछ इलाकों में फिर से तेज बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि मुंबई में जब भी बारिश होती है तो सड़कों पर पानी भर जाता है। यहां बारिश के मौसम में घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है क्योंकि एक तरफ आसमान से पानी बरस रहा होता है, वहीं दूसरी तरफ सड़कें जलमग्न होती हैं, जिससे लोगों को अपने काम पर जाने में बड़ी समस्या होती है। अगले 24 घंटे में बारिश का अलर्ट है इसलिए घर से निकलने से पहले बारिश से बचने के लिए जरूरी चीजें साथ लेकर चलें।

ये भी पढ़ें-

कुछ घंटों की बारिश से डूबी मुंबई, दौरा करने पहुंची मेयर के सामने नाले में जा गिरा BMC का कर्मचारी-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।