महाराष्ट्र के लातूर शहर के कव्हा नाका इलाके में स्कॉर्पियो गाड़ी को आग के हवाले करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात आरोपियों ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुराने विवाद की खुन्नस में इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध लोग गाड़ी को निशाना बनाते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही विवेकानंद चौक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही, पुराने विवाद से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
ट्रक में लग गई भीषण आग
एक अन्य खबर में, महाराष्ट्र के नागपुर जिले के हिंगना तहसील में समृद्धि महामार्ग के एंट्री प्वाइंट के पास बीते दिनों लोहे की रॉड से लदे एक मालवाहक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर की दूरी पर डीजल भरने के लिए खड़ा था, तभी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के चलते स्पार्क हुआ और आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
वहीं, महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में पुलिस कांस्टेबल पर कथित रूप से हमला करने और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मंगलवार को दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात करीब 1:00 बजे सरकारी अस्पताल से लगभग तीन किलोमीटर दूर प्रवीण पान स्टॉल के पास हुई। कांस्टेबल योगीराज नागरगोजे की शिकायत के अनुसार, आरोपी साहिल सैयद और शाहिद सैयद सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव कर रहे थे। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। स्थानीय लोगों की ओर से डायल 112 आपातकालीन सेवा पर सूचना दिए जाने के बाद नागरगोजे और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। कांस्टेबल ने जब दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की। कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि उनमें से एक ने पत्थर उठाकर अपने सिर पर मार लिया और पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की धमकी दी।
(आसिफ पटेल की रिपोर्ट के साथ)
ये भी पढ़ें-
गांधीनगर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरा, 10 से ज्यादा मजदूर मलबे में दबे