गोंदिया। गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील के गोठणगांव वनपरिक्षेत्र अंतर्गत संजयनगर (बंगाली कैम्प) में 25 सितंबर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। घर के आंगन में शौच के लिए गए पांच साल के वंश प्रकाश मंडल पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
Related Stories
तेंदुए ने बच्चे को घसीटकर जंगल ले गया
मिली जानकारी के अनुसार, वंश के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में मेहनत-मजदूरी हेतु गुजरात गए हुए हैं और वह दादी के साथ रहता था। सुबह करीब पांच बजे जैसे ही वंश आंगन में शौच हेतु गया, तेंदुए ने अचानक झपटा मारा और बच्चे को जंगल की ओर घसीट ले गया। शोर सुनकर ग्रामीण लाठी- डंडे लेकर दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुए ने बच्चे का गला दबा दिया था। वंश को तुरंत केशोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
लगातार हो रही घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने आज 25 सितंबर गुरुवार सुबह 7 बजे से केशोरी–नवेगाँव मार्ग पर चक्का जाम कर आंदोलन शुरू कर दिया। मुख्य सड़क पर आड़ी बाइक लगा दी गई और सड़क पर लकड़ी के झाड़ डालकर चक्का जाम आंदोलन किया गया। गुस्साई भीड़ ने एक कार को पलटा दिया और दो वाहनों में तोड़फोड़ भी की। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।
साल भर में चौथा हमला
ग्रामीणों का आरोप है कि गोठनगांव वन परीक्षेत्र के संजय नगर, बोंडगांव, सूरबन इलाके में तेंदुए की दहशत व्याप्त है। वन विभाग ने तेंदुए के आतंक को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए, जबकि वन विभाग की अलगर्जी के चलते सालभर में 4 घटनाएं हो चुकी हैं।
इससे पहले एक दिसंबर को मंडई मेला उत्सव में एक बच्चे पर हमला कर तेंदुए ने उसे घायल किया गया था। इसके बाद 30 मई 2025 को आंगन में खेल रहे बच्चों पर हमला हुआ। वहीं 29 अगस्त को इटियाडोह बांध क्षेत्र में काका के साथ टहलने के निकले बच्चे पर भी तेंदूए ने हमला किया था और आज वंश नामक मासूम बच्चे की मौत हो गई।
रिपोर्ट- रवि आर्य, गोंदिया