1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: नासिक के अस्पताल में तेंदुआ घुसने से मचा हड़कंप, देखें- Video

महाराष्ट्र: नासिक के अस्पताल में तेंदुआ घुसने से मचा हड़कंप, देखें- Video

 Published : Dec 13, 2023 07:42 am IST,  Updated : Dec 13, 2023 07:58 am IST

नासिक के एक अस्पताल में मंगलवार को अचानक एक तेंदुआ घुस गया। इससे अस्पताल में आए मरीजों में हड़कंप मच गया। हालांकि तेंदुए ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। वन विभाग की टीम तेंदुए को लेकर गई।

अस्पताल में घुसा तेंदुआ- India TV Hindi
अस्पताल में घुसा तेंदुआ Image Source : ANI

महाराष्ट्र के नासिक में एक अस्पताल में तेंदुआ घुस जाने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, नंदुरबार तालुका के एक अस्पताल में मंगलवार को एक तेंदुआ घुस गया. तेंदुए को देखते ही अस्पताल में आए मरीजों में दहशत फैल गई। तेंदुआ अस्पताल में इधर-उधर घूम रहा था। हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। मामले की जानकारी विभाग को दी गई। इसके बाद तेंदुए को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया।  

तेंदुए को देखने जुटी भीड़

बताया जा रहा है कि नासिक जिले के शहादा कस्बे के डोंगरगांव रोड पर स्थित आदित्य मैटरनिटी एंड आई हॉस्पिटल के अंदर तेंदुआ देखा गया। अस्पताल में तेंदुआ देखे जाने की जानकारी जैसे ही मरीजों के परिजनों को मिली तो वे बड़ी संख्या में वहां पहुंच गये। अधिकारियों ने कहा हो सकता है कि जंगली जानवर रात में अस्पताल में घुसा हो। 

सफाई कर्मचारी ने देखा तेंदुआ

मंगलवार सुबह जब अस्पताल परिसर में सफाई का काम चल रहा था तो एक सफाई कर्मचारी ने अस्पताल के एक कोने से गुर्राने की आवाज सुनी। बाद में कर्मचारी को एहसास हुआ कि एक तेंदुआ कोने में बैठा है। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों को सूचित किया जिन्होंने तुरंत पिछला दरवाजा बंद कर दिया और तेंदुए को पकड़ने में कामयाब रहे। इसके बाद उन्होंने वन विभाग से संपर्क किया। उनकी कॉल मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल के अंदर तेंदुए की मौजूदगी से मरीजों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को देखने के लिए कई लोग अस्पताल के बाहर भी जमा हो गए।

महाराष्ट्र में तेंदुए का आतंक

पिछले महीने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक गांव में भी एक तेंदुए को सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। कल्याण-मुरबाड रोड पर कम्बा-वराप गांव में एक निजी बिजली कंपनी के परिसर में तेंदुए देखा गया था। इससे यहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई थी। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।