1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: बर्तन में फंसा तेंदुए का सिर, खतरे में जान, पिछले कई घंटों से सर्च ऑपरेशन जारी

VIDEO: बर्तन में फंसा तेंदुए का सिर, खतरे में जान, पिछले कई घंटों से सर्च ऑपरेशन जारी

 Reported By: Dinesh Mourya @dineshmourya4
 Published : Feb 15, 2022 04:10 pm IST,  Updated : Feb 15, 2022 11:50 pm IST

बुधवार रात से ही वन विभाग की टीम बदलापुर के जंगलों में पहुंच गई है और उन्होंने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

Mumbai Leopard News, Leopard News, Leopard Head Trapped- India TV Hindi
Mumbai Leopard head trapped in a plastic pot. Image Source : INDIA TV

Highlights

  • 13 फरवरी को रात के वक्त इस जंगल से गुजर रहे कुछ लोगों ने तेंदुए को ऐसी हालत में सड़क किनारे दिखा था।
  • वन विभाग के मुताबिक, इस जंगल में स्थित एक फार्म हाउस के पास ये तेंदुआ पानी की तलाश में आया था।
  • पानी पीने के दौरान तेंदुए का सिर बर्तन में फंस गया और तभी से यह परेशान होकर यहां वहां भटक रहा है।

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सटे बदलापुर के जंगलों में एक तेंदुआ भटकता हुआ नजर आया है। इस तेंदुए का सिर प्लास्टिक के एक बर्तन में फंसा हुआ है और 13 फरवरी को रात के वक्त इस जंगल से गुजर रहे कुछ लोगों इसे ऐसी हालत में सड़क किनारे दिखा था। वन विभाग के मुताबिक, इस जंगल में स्थित एक फार्म हाउस के पास ये तेंदुआ पानी की तलाश में आया था। पानी पीने के दौरान तेंदुए का सिर प्लास्टिक के बर्तन में फंस गया और तभी से यह परेशान होकर यहां वहां भटक रहा है।

पर्यटकों ने वन विभाग को दी जानकारी

पर्यटकों ने तेंदुए को इस हालत में देखकर फौरन ही वन विभाग को जानकारी दी थी। बुधवार रात को ही वन विभाग की टीम बदलापुर के जंगलों में पहुंच गई और उन्होंने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ठाणे वन विभाग, बोरीवली स्थित मुंबई वनविभाग के अधिकारी, रेस्क्यू टीम, मेडिकल टीम और स्थानीय गांव वालों की मदद से 40 से ज्यादा घंटों से सर्च ऑपरेशन जारी है। 


तेंदुए तक पहुंचना इसलिए हो रहा मुश्किल
वन विभाग के अधिकारी तुलसीराम हिरवे ने इंडिया टीवी को बताया कि तेंदुए की उम्र करीब ढ़ाई साल हो सकती है। पिछले 2 दिनों से यह तेंदुआ भूखा-प्यासा है।  वन विभाग की टीम को इस तेंदुए के पैरों के निशान तो मिले हैं लेकिन जिस जगह ये निशान मिले है वहां जमीन बहुत ही सख्त़ है। ऐसे में यह पता लगा पाना मुश्किल हो रहा है कि तेंदुआ आखिर गया कहां होगा। वन विभाग का ये क्षेत्र करीब 500 हेक्टेअर में फैला है।

बिगड़ सकता है तेंदुए का स्वास्थ्य
अधिकारी ने बताया कि करीब 40 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है और तेंदुए का पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर अब तक तेंदुए का सिर उसी पानी के बर्तन में फंसा होगा तो भूख-प्यास से तड़प-तड़प का उसका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। वहीं, यदि वह कुछ और दिन तक नहीं मिला तो उसकी जान भी जा सकती है। यही वजह है कि तेंदुए को बचाने के लिए वन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।