बारामती में 28 जनवरी 2026 को हुए Learjet 45 विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने कड़ा कदम उठाया है। DGCA ने M/s VSR Ventures Pvt Ltd का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के बाद कंपनी के चार Learjet 40/45 विमानों को तत्काल प्रभाव से ग्राउंड कर दिया है।
कई गंभीर खामियां मिलीं
DGCA द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, बहु-विषयक ऑडिट टीम को एयरवर्थनेस (विमान योग्यता), उड़ान सुरक्षा और फ्लाइट ऑपरेशंस से जुड़े स्वीकृत नियमों के पालन में कई गंभीर खामियां मिलीं। ऑडिट में रखरखाव प्रक्रियाओं में भी कमियां सामने आई हैं। इन्हीं अनियमितताओं को देखते हुए DGCA ने पंजीकरण संख्या VT-VRA, VT-VRS, VT-VRV और VT-TRI वाले Learjet 40/45 विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी है। ये विमान तब तक उड़ान नहीं भर सकेंगे, जब तक कि निरंतर विमान योग्यता के मानकों को पूरी तरह बहाल नहीं किया जाता।
सुरक्षा मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं- DGCA
DGCA ने कंपनी को डिफिशिएंसी रिपोर्टिंग फॉर्म जारी कर मूल कारण विश्लेषण (Root Cause Analysis) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को विमान सुरक्षा के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। DGCA ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बारामती में हुआ था प्लेन क्रैश
आपको बता दें कि बीते महीने 28 जनवरी की तारीख को पुणे के बारामती में प्लेन क्रैश हो गया था। इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के प्रमुख अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। विमान ने मुंबई से सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी थी और 8 बजकर 50 मिनट पर बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था। जानकारी के मुताबिक, अजित पवार जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। घटना के वक्त विमान में पांच लोग सवार थे जिनमें से कोई भी नहीं बच सका था।
ये भी पढ़ें- 'अजित पवार के प्लेन का पायलट सुसाइड बॉम्बर तो नहीं था?', NCP नेता का चौंकाने वाला बयान