महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित फरीद बाग इलाके की अल फरीद बिल्डिंग में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेलते समय सेप्टिक टैंक में गिरने से 5 साल के मासूम की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई बच्चे बिल्डिंग परिसर में खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
वीडियो में देखा जा सकता है कि खेलते-खेलते 5 वर्षीय मोहम्मद अहमद सेप्टिक टैंक के पास पहुंच जाता है। बताया जा रहा है कि टैंक का ढक्कन पूरी तरह बंद नहीं था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए थे। इसी दौरान बच्चा संतुलन खो बैठा और सीधे टैंक में गिर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों ने बच्चे को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

लापरवाही ने छीन ली नन्ही जान
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना ने एक बार फिर बिल्डिंगों और आवासीय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिसर में मौजूद सेप्टिक टैंक को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी उपाय नहीं किए गए थे। यदि टैंक का ढक्कन मजबूत और सही तरीके से बंद होता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
पहले भी कइयों की जा चुकी जान
गौरतलब है कि भिवंडी में इससे पहले भी खुले या असुरक्षित सेप्टिक टैंकों और गड्ढों में गिरने से कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सभी आवासीय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
सामने आया CCTV फुटेज-
जमशेदपुर में खुले सेप्टिक टैंक में गिरा 5 साल का बच्चा
बता दें कि पिछले साल झारखंड के जमशेदपुर में भी ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था। बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था सिटी टाउन में खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर 5 वर्षीय आदर्श कुमार की दर्दनाक मौत हो गई थी। आदर्श मानगो के कुमरुम बस्ती निवासी तपन कुम्भकार का बेटा था, जो मजदूरी करने के लिए अपने बेटे को साथ लेकर आस्था सिटी टाउन आया था।
टैंक के पास पड़ी मिली चप्पल
दोपहर का खाना खाने के बाद आदर्श घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में बने खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पास में उसका चप्पल पड़ी मिला, जिससे परिजनों को शंका हुई। सेप्टिक टैंक की जांच करने पर आदर्श बेहोशी की हालत में मिला। बेहोश आदर्श को परिजन तत्काल मर्सी अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर स्थिति में एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
(रिपोर्ट- सय्यद नकी हसन)
यह भी पढ़ें-
बाप-भाई ही बने हत्यारे! मारकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया शव, बाद में सिर काटकर अलग-अलग दफनाया