1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बाप-भाई ही बने हत्यारे! मारकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया शव, बाद में सिर काटकर अलग-अलग दफनाया

बाप-भाई ही बने हत्यारे! मारकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया शव, बाद में सिर काटकर अलग-अलग दफनाया

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 14, 2025 11:32 pm IST,  Updated : Feb 14, 2025 11:32 pm IST

झारखंड के कोडरमा में एक युवती की उसके भाई ने हत्या कर दी। वहीं उसके पिता और एक अन्य भाई ने भी इसमें साथ दिया। फिलहाल पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बाप-भाई ने मारकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया युवती का शव।- India TV Hindi
बाप-भाई ने मारकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया युवती का शव। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में बाप और भाई ने मिलकर बहन की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। पुलिस ने बेटी की हत्या करने के आरोप में 73 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी बेटी उसी गांव के एक लड़के से बात करती थी और परिवार इस बात के खिलाफ था। उन्होंने बताया कि परिवार पर 18 वर्षीय युवती का गला घोंटकर हत्या करने और पहले शव को घर के सेप्टिक चैंबर में फेंकने तथा फिर सिर काटकर शव को नदी किनारे दफनाने का आरोप है। 

हत्या के बाद छिपाया शव

अधिकारी ने बताया कि ऐसा आरोप है कि युवती के 20 वर्षीय भाई ने उसकी हत्या की थी, जबकि अन्य लोगों ने शव को उन दो स्थानों पर छिपाया था। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने पांच फरवरी को पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता को 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) की बोर्ड की परीक्षा देनी थी। पुलिस को इस मामले की जांच के दौरान मरकच्चो क्षेत्र के पंचखेरो नदी के किनारे रेत के नीचे दबा हुआ एक युवती का शव 12 फरवरी को बरामद हुआ, लेकिन इसका सिर नहीं था। 

शव को पहचानने से किया इनकार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब परिवार के सदस्यों को बुलाया गया, तो उन्होंने कहा कि वे शव को नहीं पहचानते। पुलिस को उनसे बात करने पर गड़बड़ी का संदेह हुआ, क्योंकि उनके बयान मेल नहीं खा रहे थे। एसपी ने बताया कि ब्रह्मटोली गांव स्थित आरोपियों के घर के सेप्टिक टैंक की तलाशी के दौरान पीड़िता के बालों का गुच्छा मिला। एसपी ने बताया कि गहन पूछताछ के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि दो फरवरी को पीड़िता के दो भाइयों में से छोटे भाई ने उसे एक लड़के के साथ फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था और गुस्से में आकर उसका गला घोंट दिया था। अधिकारी ने बताया कि उस समय घर पर केवल वे दोनों (भाई-बहन) ही मौजूद थे। 

सिर काटकर अलग-अलग जगहों पर दफनाया

पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार ने पहले तो शव को सेप्टिक टैंक में रखा, लेकिन उन्हें डर था कि शव से बदबू आने के कारण अपराध का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शव आठ दिन तक वहीं पड़ा रहा था। एसपी ने कहा, ‘‘इसके बाद उन्होंने (आरोपियों ने) शव को एक बोरे में डाला और नदी के किनारे ले जाकर कुल्हाड़ी से सिर काट दिया और फिर शव रेत के नीचे दफना दिया।’’ उन्होंने बताया कि बाद में नदी किनारे से पीड़िता का सिर भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता के पिता और दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

प्रपोजल ठुकराने पर शख्स ने लड़की पर कई बार चाकू से किया हमला, तेजाब डालकर हुआ फरार

शख्स ने ऑनलाइन मंगवाया Laptop, बॉक्स खोलते ही उड़ गए होश; आप भी देखें Unboxing का वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।