मुंबई में मोहर्रम के दिन लोगों को जहरीली गोलियां बांटने वाले फैयाज प्रेमजी केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फैयाज प्रेमजी को उसकी पत्नी ने छोड़ दिया था। इसके बाद से उसने अपने दिमाग में पूरी दुनिया को अपना दुश्मन बना रखा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान आरोपी का दावा है कि वह दुनिया के सभी लोगों से बदला लेना चाहता था, जैसे सभी ने मिलकर उसके साथ यह किया हो।
BBA ग्रेजुएट है फैयाज प्रेमजी
पुणे में पुलिस ने फैयाज प्रेमजी के पिता का बयान दर्ज किया है। आरोपी की मां और बहन ईरान में रहती है। पुलिस ने आरोपी के फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी ने जिंक फास्फाइड कहां से आर्डर किया और उसके पास कैसे पहुंचा इसकी भी जांच की जा रही है। 39 साल का फैयाज प्रेमजी BBA ग्रेजुएट है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का कोई पूरा मनोरोग का इलाज तो नहीं चल रहा था, या इस तरह की मेडिकल हिस्ट्री है या नहीं।
आरोपी के घर भी पहुंची पुलिस
हालांकि, आरोपी पिछले कुछ दिनों से अपने जीवन में काफी ज्यादा फ्रस्ट्रेटेड था। पुणे पुलिस की एक टीम ने आरोपी के पुणे स्थित घर की जांच की पुलिस को पता चला कि वहां चूहों की संख्या बहुत ज्यादा है।सूत्रों की माने तो इसलिए आरोपी को जिंक फास्फाइड के बारे में जानकारी थी। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपने फोन में AI टूल पर यह भी सर्च किया था कि कितनी मात्रा में जिंक फास्फाइड का इस्तेमाल करने पर शरीर पर क्या प्रभाव होता है।
कहां से पकड़ा गया फैयाज?
सामने आई जानकारी के अनुसार, फैयाज प्रेमजी जिसने मुंबई में मोहर्रम के दिन लोगों को जहरीले कैप्सूल देकर मारने की साजिश रची थी वह मुंबई के डोंगरी इलाके में सन डोरमेट्री में ठहरा हुआ था। पुलिस ने फैयाज को यहीं से गिरफ्तार किया था। जब पुलिस उसके ठिकाने पर पहुंची तो वह सो रहा था। डॉरमेट्री के मैनेजर जाकिर हुसैन ने जानकारी दी है कि आरोपी फैयाज बीते साल भी यहां आया था। उसने एक बोरे के अंदर कैप्सूल भर रखे थे।
ये भी पढ़ें- 'मोहर्रम के जुलूस में बच्चों को टॉफी और बड़ों को नियाज बताकर बांटे जिंक फॉस्फाइड के कैप्सूल', आरोपी फैयाज का कबूलनामा