1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सली मुठभेड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हुई, अब 25 लाख के इनामी का शव मिला

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सली मुठभेड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हुई, अब 25 लाख के इनामी का शव मिला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2021 09:04 pm IST,  Updated : Nov 16, 2021 09:04 pm IST

बता दें कि शनिवार को सी-60 कमांडो के साथ करीब दस घंटे तक हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली मिलिंद तेलतुंबड़े समेत 26 नक्सली मारे गए थे, जो संख्या अब बढ़कर 27 हो गई है।

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सली मुठभेड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हुई, अब 25 लाख के इनामी का शव- India TV Hindi
महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सली मुठभेड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हुई, अब 25 लाख के इनामी का शव मिला Image Source : PTI

Highlights

  • शनिवार को हुई थी मुठभेड़, 26 नक्सली मरे थे
  • मंगलवार को एक और नक्सली का शव मिला
  • मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 27 हुई

मुंबई: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले (Gadchiroli) के जंगल वाले इलाके में शनिवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ (Gadchiroli Encounter) में मारे गए नक्सलियों (Naxals) की संख्या 27 हो गई है। तलाश अभियान के दौरान मंगलवार को एक नक्सली का शव बरामद किया गया, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

मारे गए नक्सली की पहचान गढ़चिरौली जिले में सावरगांव चौकी के तहत कोसामी नंबर एक के निवासी सुखलाल परचाकी (33) के तौर पर हुई। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित गोयल ने कहा कि परचाकी का शव शनिवार को हुई मुठभेड़ के स्थल मर्दिनटोला के पास जंगल में तलाश अभियान के दौरान मंगलवार सुबह मिला, शव की पहचान कर ली गई है। 

एसपी अंकित गोयल ने कहा कि परचाकी माओवादियों की संभागीय समिति का सदस्य (डीवीसी) था, जिसे हाल में दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति (डीकेएसजेडसीएम) में पदोन्नत किया गया था। उन्होंने कहा कि परचाकी पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। 

बता दें कि शनिवार को सी-60 कमांडो के साथ करीब दस घंटे तक हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली मिलिंद तेलतुंबड़े समेत 26 नक्सली मारे गए थे, जो संख्या अब परचाकी का शव मिलने से बढ़कर 27 हो गई है। इस मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। 

अंकित गोयल ने कहा, ‘‘एक और शव मिलने के साथ इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।’’ गौरतलब है कि ढ़चिरौली जिला महाराष्ट्र के दक्षिणपूर्वी कोने में स्थित है। यह पश्चिम में चंद्रपुर जिला, उत्तर में गोंदिया जिला, पूर्व में छत्तीसगढ़ राज्य और दक्षिण तथा दक्षिण पश्चिम में तेलंगाना राज्य से घिरा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।