नवी मुंबई: नवी मुंबई में ठाणे-बेलापुर मार्ग पर बेलापुर खिंड में उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्टेट ट्रांसपोर्ट (एसटी) की एक बस का ब्रेक रविवार शाम को फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद एसटी बस अनियंत्रित हो गई और उसने तीन रिक्शा तथा तीन कारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हो गए।
ढलान पर ब्रेक फेल
जानकारी के मुताबिक मुंबई से मुरुड जा रही बस बेलापुर खिंड पार करने के बाद ढलान पर पहुंची थी, तभी अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर ने बस को नियंत्रित करने और सड़क के किनारे करने की पूरी कोशिश की लेकिन वह अपनी कोशिशों में सफल नहीं हो पाया। बस से आगे चल रहे करीब 6 वाहन बस की चपेट में आ गए। एसटी बस की इन गाड़ियों से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई कार और रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए।
घायलों में कार और रिक्शा सवार लोग शामिल
इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कार और रिक्शा में सवार लोग शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीबीडी बेलापुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, बस चालक और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
शाम करीब 6 बजे हुआ हादसा
बेलापुर के पुलिस निरीक्षक लखन रासकर ने बताया कि एसटी बस करीब शाम 4 बजे मुंबई बस डिपो से मुरुड के लिए रवाना हुई थी और शाम के करीब 6 बजे बेलापुर खिंड पहुंची। ब्रिज के नीचे ढलान पर उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद चालक ने बस को नियंत्रण में लेने के लिए उसे सड़क की तरफ करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान आगे चल रहे वाहनों से बस की टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस में 10 यात्री सवार थे। बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बता दें कि इसी महीने महाराष्ट्र के मुंबई में एक बस में आग लगने से चारो तरफ अफरा-तफरी मच गई थी। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के नीचे बस में आग लग गई थी। बस से निकल रहा धुएं का बड़ा गुबार ऊपर गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के अंदर भर गया था। हादसे के समय बस लगभग खाली थी। तकनीकी खराबी के बाद ड्राइवर नीचे उतरा और फिर धमाके के साथ आग फैल गई। आग की लपटें और घना धुआं ऊपर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें:
मुंबई के सार्वजनिक शौचालय में संदिग्ध केमिकल की गंध से 2 युवकों की मौत, महज 18 और 24 साल थी उम्र