1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के सार्वजनिक शौचालय में संदिग्ध केमिकल की गंध से 2 युवकों की मौत, महज 18 और 24 साल थी उम्र

मुंबई के सार्वजनिक शौचालय में संदिग्ध केमिकल की गंध से 2 युवकों की मौत, महज 18 और 24 साल थी उम्र

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 27, 2026 02:01 pm IST,  Updated : Sep 27, 2026 02:57 pm IST

मुंबई के राम मंदिर इलाके में संदिग्ध केमिकल की गंध से 2 युवकों की मौत हो गई है। इस घटना ने सभी को हैरान करके रख दिया। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Mumbai- India TV Hindi
2 युवकों की मौत Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: मुंबई के राम मंदिर इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय में संदिग्ध केमिकल की गंध से दम घुटने की घटना सामने आई है। घटना में दो युवकों को सांस लेने में तकलीफ और दम घुटने की शिकायत के बाद ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया।

दोनों युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रभाकर धनिवार (24) और भाविन देसाई (18) के तौर पर हुई है। घटना के बाद संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। 

क्या है पूरा मामला?

मुंबई के राम मंदिर पूर्व इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय के अंदर संदिग्ध रासायनिक रिसाव की घटना सामने आई है। मृणालताई पुल के पास पारसी पंचायत गेट के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय में तेज रासायनिक गंध के कारण दम घुटने से दो युवकों की मौत की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन की कई एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।

बीएमसी के अनुसार, रविवार 27 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक शौचालय के अंदर तेज रासायनिक गंध होने और दो लोगों के दम घुटने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बीएमसी का मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, 108 एम्बुलेंस, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल यानी एमपीसीबी और संबंधित बीएमसी वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों प्रभावित युवकों को इलाज के लिए ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, अस्पताल के संबंधित चिकित्सक से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों को रात के समय अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सुबह 3 बजकर 49 मिनट पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान प्रभाकर धनिवार, उम्र 24 वर्ष और भाविन देसाई, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों पुरुष थे।

युवकों की मौत के बाद उठे सवाल

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक शौचालय के अंदर किस तरह का रासायनिक पदार्थ मौजूद था और वहां रासायनिक गंध कैसे फैली। अभी तक रासायनिक पदार्थ की प्रकृति और उसके रिसाव के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना के बाद बीएमसी, मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीमें मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शौचालय के अंदर रासायनिक पदार्थ कहां से आया और दोनों युवक उसके संपर्क में किस तरह आए।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और रासायनिक रिसाव के स्रोत की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।

इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि बाइक सवार के ऊपर गिरा लोहे का बैरिकेड, हुई मौत; ये मुंबई मेट्रो के निर्माण में लापरवाही का मामला बताया जा रहा था।

ये भी पढ़ें-

मुंबई के लालबाग में गणेश पंडाल के पास बेहोश होकर गिरा शख्स, हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।