भारत सरकार की ओर से पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द किए जाने के बाद उनके वापस पाकिस्तान भेजने की कार्रवाई जारी है। ऐसे में महाराष्ट्र पुलिस सूत्रों की ओर से राज्य में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों की आबादी से जुड़ा अहम डाटा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों में से ज्यादातक जनसंख्या सिंधी हिंदुओं की है। आइए जानते हैं कि इस बारे में और क्या जानकारी पता लगी है।
ज्यादातर ने लॉन्ग टर्म वीजा के लिए आवेदन दिया
महाराष्ट्र में शॉर्ट टर्म वीजा पर आए पाकिस्तानियों की संख्या शुरू में ढाई सौ के करीब सामने आई थी। जब इसकी बारीकी से जानकारी निकाली गई तब सामने आया कि इनमें से ज्यादातर लोगों ने लॉन्ग टर्म वीजा के लिए दरख्वास्त दे रखी है। साथ ही कई ऐसे लोगों का नाम भी इस लिस्ट में था, जो आए तो थे भारत के दूसरे राज्यों में, लेकिन मुंबई से पाकिस्तान के लिए फ्लाइट ले रहे थे।
चार पाकिस्तान जा चुके हैं
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, जिन लोगों ने भी लॉन्ग टर्म विजा के लिए अप्लाई कर रखा था, उन्हें वापस भेजने का निर्देश केंद्र सरकार की तरफ से नहीं था। यही वजह है कि महाराष्ट्र में शॉर्ट टर्म वीजा पर आए हुए लोगों की संख्या बाद में घटकर 18 हो गयी। इन 18 लोगों में दो मुसलमान हैं और बाकी 16 लोग हिंदू हैं। इन 18 लोगों में से चार पाकिस्तान जा चुके हैं, जिनमें दो मुसलमान और दो हिंदू है। बाकी 14 लोगों की फ्लाइट डिटेल भी महाराष्ट्र पुलिस के पास मौजूद है जो अगले दो से तीन दिनों में भारत छोड़ देंगे।
पाकिस्तानी लोगों के गायब होने पर पुलिस ने क्या कहा?
107 पाकिस्तानी लोगों के गायब होने की जानकारी सामने आई थी। इस पर महाराष्ट्र पुलिस का कहना है कि इनमें से कई लोग 50 या फिर 60 के दशक में महाराष्ट्र आए थे और तब रिकॉर्ड कीपिंग की व्यवस्था बहुत अच्छी नहीं थी। यही वजह है कि आंकड़े ऐसा बताते हैं कि लोग मिसिंग है लेकिन इनमें से ज्यादातर लोग या तो मर गए हैं या फिर बाद में रिकॉर्ड पर आ गए हैं। इसलिए महाराष्ट्र में बिना जानकारी के कोई भी पाकिस्तानी नहीं रह रहा है।
ज्यादातर सिंधी हिंदू लोग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस वक्त 5000 से ज्यादा लॉन्ग टर्म वीजा पर पाकिस्तानी नेशनल्स है। इनमें से ज्यादातर सिंधी हिंदू लोग हैं, जबकि 300 के करीब का आंकड़ा मुसलमान लोगों का है। आज शाम को महाराष्ट्र सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से शॉर्ट टर्म वीजा और लॉन्ग टर्म वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों के बारे में आंकड़े जारी किए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- 'अगर पाकिस्तान PoK को सौंपने से करे इनकार तो भारत को कर देना चाहिए युद्ध', अठावले ने पीएम मोदी से की मांग