जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और सेना के अधिकारी लगातार बैठक कर रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। अठावले ने कहा है कि अगर पाकिस्तान पीओके को सौंपने से इनकार करता है तो भारत को उसके खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए, क्योंकि जब तक यह क्षेत्र मौजूद है, तब तक आतंकवादी गतिविधियां जारी रहेंगी।
अठावले ने पीएम मोदी से की मांग
रविवार को लोनावला में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री अठावले ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'जब तक पीओके मौजूद है, आतंकवादी गतिविधियां जारी रहेंगी। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करता हूं कि अगर पाकिस्तान पीओके को नहीं सौंपता है, तो हमें उसके खिलाफ युद्ध की घोषणा करनी चाहिए।'
भारत को पीओके क्षेत्र पर नियंत्रण की जरूरत
अठावले ने पड़ोसी देश के खिलाफ एक और सर्जिकल स्ट्राइक का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला बेहद निंदनीय है। मंत्री ने कहा कि आतंकवादी बार-बार एक ही रास्ते से भारत में घुसते हैं। इसलिए भारत को पीओके क्षेत्र पर नियंत्रण करने की जरूरत है।
विपक्ष भी सरकार का करे समर्थन
उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को यह क्षेत्र खाली करना चाहिए, अन्यथा भारत युद्ध छेड़ने से नहीं हिचकिचाएगा और केंद्र इस मामले को लेकर गंभीर है। अठावले ने विपक्ष से इस मुद्दे पर सरकार का समर्थन करने का आग्रह किया।
कश्मीर की सुख-शांति से पाकिस्तान खुश नहीं- अठावले
उन्होंने कहा, 'विपक्ष को हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर ने हमें यही सिखाया है कि जब जरूरत हो तो देश के साथ खड़े रहें।' मंत्री ने कहा, 'अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद, बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर जाने लगे। जम्मू-कश्मीर चुनाव में मतदाताओं का प्रतिशत लगभग 60 प्रतिशत रहा। आतंकवादी और पाकिस्तान इन घटनाक्रमों से खुश नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा कि भारत मजबूत हो रहा है। जम्मू-कश्मीर के लोग, जिनमें मुसलमान भी शामिल हैं, देश के साथ हैं।
आतंकी हमले में 26 लोगों की गई जान
मालूम हो कि 22 अप्रैल को अनंतनाग जिले के पहलगाम के ऊपरी इलाकों में स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल बैसरन में आतंकवादियों ने गोलीबारी की थी। इसमें 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। (इनपुट- पीटीआई)