1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद, 33 लोग अब भी लापता: NDRF

महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद, 33 लोग अब भी लापता: NDRF

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 25, 2021 11:21 pm IST,  Updated : Jul 25, 2021 11:21 pm IST

महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हुई भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद किए गए हैं और 33 लोग लापता हैं।

महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद, 33 लोग अब भी लापता: NDRF- India TV Hindi
महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद, 33 लोग अब भी लापता: NDRF Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हुई भूस्खलन की घटनाओं के बाद 90 शव बरामद किए गए हैं और 33 लोग लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने रविवार को यह जानकारी दी। NDRF के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के रायगढ़, रत्नागिरी और सतारा जिलों में बचाव एवं राहत कार्य चलाया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि अपराह्न साढ़े छह बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, NDRF ने इन इलाकों से कुल 90 शव बरामद किए हैं जिनमें से सबसे अधिक 47 शव रायगढ़ की महाड तहसील के सबसे अधिक प्रभावित तालिये गांव से बरामद किए गए हैं। इन तीन जिलों के 33 लोग अब भी लापता हैं। 

NDRF, रायगढ़ के तालिये, रत्नागिरी के पोरसे और पेढ़े तथा सतारा के मीरगांव, अंबेघर और ढोकवाले में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही है। प्रवक्ता ने बचाये गए और निकाले गए लोगों की संख्या के बारे में भी जानकारी दी। 

उन्होंने कहा, “आज NDRF के दलों ने (पूरे महाराष्ट्र में) प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए 500 लोगों को निकाला और 44 को बचाया।” उन्होंने कहा, “दल पिछले कुछ दिनों से लगातार बचाव एवं राहत कार्य कर रहे हैं और अब तक उन्होंने महाराष्ट्र में बाढ़ के दौरान 3,100 से अधिक फंसे लोगों को निकाला है तथा 1,250 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।” 

NDRF ने उक्त तीन जिलों के अलावा मुंबई, कोल्हापुर, ठाणे, पालघर, सांगली, सिंधुदुर्ग, नागपुर और पुणे में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 34 दलों को तैनात किया है। महाराष्ट्र में बाढ़, भूस्खलन तथा बारिश से सम्बंधित अन्य घटनाओं में मरने वालों की संख्या रविवार को 113 पर पहुंच गई। 

राज्य सरकार ने बताया कि पिछले एक दिन में एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 100 लोग लापता हैं। इन घटनाओं में अब तक 50 लोग घायल हो चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।