1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. लातूर में 58 पुलिसवालों का ही कट गया चालान, बिना हेलमेट लगाए चला रहे थे बाइक

लातूर में 58 पुलिसवालों का ही कट गया चालान, बिना हेलमेट लगाए चला रहे थे बाइक

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 29, 2026 10:50 pm IST,  Updated : Aug 29, 2026 10:50 pm IST

लातूर में 58 पुलिसकर्मियों का ही चालान कर दिया गया है। इसमें कई पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। एसपी ने इसको लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जानें ये पूरा मामला क्या है।

58 Police Personnel Fined- India TV Hindi
लातूर में 58 पुलिसवालों का चालान कट गया है। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

महाराष्ट्र के लातूर में लोगों के लिए रोड सेफ्टी का उदाहरण पेश करते हुए 58 पुलिसकर्मियों का ही चालान कर दिया। फाइन लगने वालों में कई पुलिस अफसर भी शामिल हैं, जिन्होंने बाइक पर चलते हुए अपने सिर पर हेलमेट नहीं लगाया था। यह स्टेप सड़क हादसों और मौतों को रोकने की प्रयासों के तहत, 1 सितंबर से पूरे जिले में हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य करने से पहले उठाया गया।

पुलिसकर्मियों को नहीं मिलेगी कोई छूट

लातूर के SP अमोल तांबे ने निर्देश दिया है कि हेलमेट से जुड़े रूल्स के मामले में पुलिसकर्मियों को कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के ऊपर कानून लागू करने की जिम्मेदारी है, उन्हें सबसे पहले खुद भी इसका पालन करना चाहिए।

कानून लागू करने की जिम्मेदारी हमारी है। इसलिए, नियमों का पालन सबसे पहले हमें ही करना होगा: एसपी अमोल तांबे

ट्रैफिक रूल नहीं मानने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई

जब से अमोल तांबे ने लातूर के SP का पद संभाला है, तब से ट्रैफिक ब्रांच को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध एक्शन पुलिस डिपार्टमेंट के भीतर से ही शुरू हो। जो अफसर और कर्मचारी बिना हेलमेट के टू व्हीलर से पुलिस थाने आते हैं, उनके ऊपर भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का उल्लंघन बनेगा ऑफिशियल सर्विस रिकॉर्ड का हिस्सा

गौरतलब है कि अब तक, हेलमेट का रूल तोड़ने के लिए 58 पुलिसवालों पर जुर्माना लगाया गया है। एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर, पुलिस विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि इस एक्शन की जानकारी कर्मचारियों की सर्विस बुक में दर्ज की जाए, जिससे यह उल्लंघन उनके ऑफिशियल सर्विस रिकॉर्ड का हिस्सा बन जाए।

बाइक से थाने आने वाले पुलिसकर्मी भी लगाएं हेलमेट

एसपी अमोल तांबे ने लातूर जिले के सभी 23 पुलिस थानों के इंचार्ज को साफ निर्देश दिए हैं कि वे यह पक्का कर लें कि बाइक से पुलिस स्टेशन आने वाले अधिकारी और कर्मचारी हेलमेट जरूर पहनें। यदि कोई पुलिस अफसर या कर्मचारी बिना हेलमेट के आता हुआ पाया जाता है, तो उसके ऊपर लागू जुर्माने के अलावा एक्शन भी किया जाएगा और इसको सर्विस बुक में दर्ज किया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र से ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पिटाई का मामला सामने आया था। यह घटना मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के काशीमारा इलाके में हुई थी।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें- ड्यूटी पूरी कर घर जा रहा था मुंबई का ट्रैफिक पुलिसकर्मी, लोकल ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।